– संदिग्ध हालत में शिशु मंदिर के शिक्षक की मौत
– लखन लाल अग्रवाल शिशु मंदिर सलगी के थे शिक्षक
– ग्रामीणों ने पुलिस को सुनायी खरी–खोटी
कुड़ू (लोहरदगा) : थाना क्षेत्र के टिको गांव निवासी लालू उरांव के पुत्र एवं लखन लाल अग्रवाल शिशु मंदिर सलगी एवं डायमंड कोचिंग सेंटर के शिक्षक शैलेश भगत (25) का शव घर से दो सौ कदम दूर इमली पेड़ से लटकता पाया गया. ग्रामीण जहां इसे हत्या का मामला बता रहे हैं, तो पुलिस प्रथम द्रष्टया आत्महत्या का मामला बता रही है.
घटना से आहत ग्रामीण उबल पड़े.
मौके पर पहुंचे कुडू थाना प्रभारी एवं पुलिस अधिकारियों को काफी खरी–खोटी सुनायी. आक्रोशित ग्रामीणों को मनाने एसडीओ अखौरी शशांक सिन्हा, पुलिस उपाधीक्षक प्रभात रंजन बरवार मौके पर पहुंचे. डीएसपी के आश्वासन पर मामला शांत हुआ. शव को पोस्टमार्टम हेतु लोहरदगा सदर अस्पताल भेजा गया. मृतक के भाई एवं रजगरूवा प्राथमिक विद्यालय के शिक्षक विनोद भगत ने बताया कि शैलेश सलगी शिशु मंदिर से पढ़ाने के बाद शाम पांच बजे घर लौटा.
गांव तरफ घूमने गया था, देर शाम तक नहीं लौटा. रात लगभग 10 बजे तक शैलेश की गांव में खोजबीन की गयी. तब कहीं पता नहीं चला. सुबह इमली पेड़ में जमीन से सटा फंदे में लटकता शव देखा गया. घटना से टिको गांव में विशेष कर महिलाएं आक्रोशित हो गयी. मौके पर पुलिस पहुंची, थाना प्रभारी को देख महिलाएं आक्रोशित हो गयी एवं पुलिस पर जम कर भड़ास निकाली.
डीएसपी प्रभात रंजन बरबार के लिखित आश्वासन पर ग्रामीण शांत हुए. मौके पर पुलिस निरीक्षक राजीव रंजन कुमार, बीडीओ छवि बाला बारला, आजसू नेता कलीम खान, उपमुखिया अनिल भगत समेत अन्य मौजूद थे.
