लोहरदगा : सावन की पहली सोमवारी पर लोगों में विशेष उत्साह देखा गया. शिव भक्तों ने विभिन्न शिवालयों में पहुंच कर भगवान भोले शंकर का जलाभिषेक किया. कांवर से जल लेकर शिव भक्त शिवालय पहुंचे और शिवलिंग में जल अर्पण किया.
अहले सुबह से ही शिवालयों में भीड़ उमड़ी थी. खखपरता शिव मंदिर, बुढ़वा महादेव मंदिर, महादेव मंडा, अखिलेश्वर धाम, कोराम्बे, स्वयंभू महादेव मंदिर छतरबगीचा सहित अन्य मंदिरों में भक्तों की भीड़ लगी थी.
लोहरदगा के अनेक शिव भक्त पैदल चल कर रांची पहाड़ी मंदिर पहुंचे और वहां जलाभिषेक किया. बोल बम के नारों से पूरा माहौल गुंजायमान था. गेरुवा वस्त्र धारण किये शिव भक्त काफी उत्साहित नजर आ रहे थे. भक्ति गीतों के बजने से पूरा माहौल भक्तिमय हो गया.
कुटिया शिव मंदिर में सावन की पहली सोमवारी के मौके पर भव्य भंडारा का भी आयोजन किया गया. रवि अग्रवाल ने बताया कि भंडारे में बड़ी संख्या में लोग पहुंच कर प्रसाद ग्रहण किये.
