पेशरार को प्रखंड का दरजा मिला, पर सुविधा नहीं
लोहरदगा : पेशरार को प्रखंड का दरजा मिले लगभग पांच वर्ष हो गये, बावजूद क्षेत्र के विकास के लिए कोई ठोस प्रयास नहीं किया गया. पेशरार क्षेत्र में न तो प्रखंड कार्यालय बन सका है और न ही अन्य कार्यालय कार्यरत हैं.
पेशरार प्रखंड का सारा सरकारी कार्य किस्को प्रखंड से संचालित होता है. पेशरार प्रखंड के बीडीओ सहित अन्य कर्मचारी किस्को से ही कार्यो का निष्पादन करते हैं. जिससे ग्रामीणों को परेशानी होती है. सरकार की महत्वकांक्षी योजना मनरेगा के संचालन के लिए प्रत्येक पंचायतों में पंचायत सचिवालय का निर्माण कर इसे अत्याधुनिक तरीके से सुसज्जित करना था, लेकिन इसमें भी पेशरार पंचायत भवन का निर्माण तक पूरा नहीं हो सका.
पंचायत भवन का निर्माण लगभग 20 लाख रुपये की लागत से कराया जा रहा था. इसमें वीसेट लगा कर विकास कार्यो को संचालित करना था, लेकिन पंचायत भवन का निर्माण कार्य लटका हुआ है. पंचायत भवन निर्माण कार्य विभागीय जेइ से कराया जा रहा था. जेइ के सेवानिवृत्त होने के बाद पंचायत भवन निर्माण ज्यों का त्यों रह गया.
