कुडू (लोहरदगा) : रामनवमी एवं सरहुल को लेकर कुडू थाना परिसर में बीडीओ महेंद्र छोटन उरांव की अध्यक्षता में शांति समिति की बैठक हुई. बैठक में नहीं आने पर विद्युत विभाग एवं पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के विरुद्ध जिला प्रशासन को कार्रवाई के लिए पत्र भेजने का निर्णय लिया गया. थाना प्रभारी विनोद कुमार ने कहा कि बैठक में सभी सदस्य अपने-अपने क्षेत्र में 10-10 कार्यकर्ता के साथ तैनात रहेंगे. रामनवमी का त्योहार आपसी भाइचारगी भरे माहौल बनाना है. अफवाह फैलाने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जायेगी.
अफवाह पर ध्यान नहीं देने, किसी भी प्रकार के अफवाह फैले तो, तुरंत थाना प्रभारी, गश्ती दल, बीडीओ, दंडाधिकारी को सूचना देने की अपील की. रामनवमी शोभा यात्रा सप्तमी को केंद्रीय महावीर मंडल से प्रारंभ होकर, हनुमान संघ, बाजार टांड़, ब्लॉक मोड़ एवं महावीर मंडल टाटी से मिलेगा. अष्टमी रात्रि में महावीर मंडल से प्रारंभ होकर टाटी से मिलान के बाद पंडरा, बरवाटोली, माराडीह अखाड़ों से रूद चौक में मिलेगा. नवमी को दिन में लगभग 12 बजे शोभा यात्रा प्रारंभ होगी जो तमाम अखाड़ों से मिलने के बाद मेलाटांड़ में शोभायात्रा संपन्न होगी. शोभा यात्रा के साथ एंबुलेंस, थाना की गश्ती दल एवं पुलिस जवान साथ रहेंगे. तमाम खराब पड़े विद्युत लाइट को दुरुस्त किया जायेगा. मौके पर चिकित्सा पदाधिकारी डॉ मर्सा टोपनो, अनि संतोष कुमार सिंह, अनि अशोक कुमार राम, ज्ञान रंजन कुमार, राज कुमार साहू, शिव शंकर जमादार, मुखिया नीलू देवी, राजेंद्र भगत, महावीर मंडल के संतोष पासवान, संतू सिंह आदि मौजूद थे.
