लातेहार ़ पलामू टाइगर रिजर्व (पीटीआर) के गारू रेंज में शुक्रवार की रात एक बड़ी लापरवाही ने ट्रैकर गार्ड लल्लू उरांव की जान ले ली. गारू स्थित वन विभाग कार्यालय के समीप टूटे बिजली के तार को ठीक करने के दौरान करंट लगने से लल्लू की मौत हो गयी. परिजनों का आरोप है कि वन विभाग के अधिकारियों ने बिजली विभाग को सूचना देने के बजाय लल्लू को पेड़ पर चढ़ा दिया, जिससे यह हादसा हुआ. परिजनों का गुस्सा विभाग की संवेदनहीनता पर और बढ़ गया. मृतक के भाई निलेम उरांव ने बताया कि विभाग ने हादसे के बाद परिजनों को सूचित करना तक मुनासिब नहीं समझा. अधिकारी शव को लातेहार सदर अस्पताल पहुंचाकर वहां से चले गये. शनिवार सुबह जब परिजन अस्पताल पहुंचे, तो वहां विभाग का कोई जिम्मेदार अधिकारी मौजूद नहीं था; केवल एक अन्य ट्रैकर गार्ड वहां तैनात मिला. लल्लू अपने परिवार का एकमात्र कमाऊ सदस्य था. परिजनों ने विभाग पर घोर लापरवाही का आरोप लगाते हुए मृतक की पत्नी के लिए सरकारी नौकरी और 60 लाख रुपये मुआवजे की मांग की है. ट्रैकर गार्ड अजय कुमार ने भी पुष्टि की कि तार दुरुस्त करने के लिए ही लल्लू को पेड़ पर चढ़ाया गया था. थाना प्रभारी जयप्रकाश शर्मा ने बताया कि पुलिस को शनिवार सुबह सदर अस्पताल से घटना की जानकारी मिली. पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया है और मामले की जांच की जा रही है. दोषी पाये जाने वालों पर विधि सम्मत कार्रवाई की जायेगी.
ट्रैकर गार्ड की करंट लगने से मौत, परिजनों ने वन विभाग पर लगाया लापरवाही का आरोप
ट्रैकर गार्ड की करंट लगने से मौत, परिजनों ने वन विभाग पर लगाया लापरवाही का आरोप
