बरवाडीह. झारखंड एकेडमिक काउंसिल द्वारा जारी इंटरमीडिएट परीक्षा परिणाम में इस बार प्रखंड की बेटियों ने शानदार प्रदर्शन कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है. कला, वाणिज्य और विज्ञान तीनों संकायों में छात्राओं ने उत्कृष्ट सफलता हासिल कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है. गुरुवार को जिप सदस्य संतोषी शेखर ने तीनों संकायों की प्रखंड टॉपर छात्राओं के घर पहुंचकर उन्हें सम्मानित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की. जिप सदस्य ने वाणिज्य संकाय की प्रखंड टॉपर एवं जिले में चौथा स्थान प्राप्त करने वाली गढ़वाटांड़ निवासी सौम्या राज को मिठाई खिलाकर बधाई दी. उन्होंने कहा कि सौम्या की सफलता पूरे प्रखंड के लिए गर्व की बात है और यह अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत है. इसके अलावा कला संकाय की प्रखंड टॉपर पंजाबी मोहल्ला निवासी वर्षा कुमारी को भी सम्मानित किया. बातचीत के दौरान वर्षा ने भविष्य में भारतीय प्रशासनिक सेवा अधिकारी बनने की इच्छा जतायी. विज्ञान संकाय की प्रखंड टॉपर सरईडीह निवासी शालू कुमारी को भी सम्मानित करते हुए उनके बेहतर भविष्य की कामना की. संगीता कुमारी बनी विद्यालय टॉपर
लातेहार. झारखंड अधिविध परिषद द्वारा घोषित इंटर आर्ट्स परीक्षा में कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय मनिका की छात्राओं ने बेहतरीन प्रदर्शन किया है. विद्यालय का परीक्षा परिणाम इस वर्ष 99 प्रतिशत रहा है. इस वर्ष विद्यालय से कुल 66 छात्राओं ने इंटर की परीक्षा दी थी. इसमें 59 छात्राओं ने प्रथम स्थान और छह छात्राओं ने द्वितीय से सफलता हासिल की. विद्यालय की संगीता कुमारी ने 84.40 प्रतिशत अंक लाकर विद्यालय में प्रथम स्थान प्राप्त किया है. जबकि प्रीति कुमारी ने 78.40 प्रतिशत अंक लाकर दूसरा, लक्ष्मी कुमारी 77.60 प्रतिशत अंक लाकर तीसरा, प्रतिज्ञा कुमारी 76.80 प्रतिशत अंक लाकर चौथा तथा संगीता कुमारी ने 75.60 प्रतिशत अंक लाकर पाचवां स्थान प्राप्त किया है.
