चंदवा. भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता प्रतुल शाहदेव सोमवार को थाना क्षेत्र के हेसला गांव पहुंचे और स्व. सेंधु मुंडा के परिजनों से मुलाकात की. सेंधु मुंडा की मौत तीन वर्ष पूर्व पुलिस हिरासत में हुई थी. शाहदेव ने कहा कि यह घटना न्याय व्यवस्था पर सवाल खड़ा करती है. उन्होंने बताया कि डायन-बिसाही के आरोप में लातेहार पुलिस ने सेंधु मुंडा को जेल भेजा था, जहां कारापालों की पिटाई से उनकी मौत हो गई. यह मानवाधिकारों का उल्लंघन और कानून व्यवस्था की विफलता है. उन्होंने कहा कि तीन वर्ष बीतने के बाद भी परिजनों को न मुआवजा मिला है और न ही मृत्यु प्रमाणपत्र जारी हुआ है. दो वर्ष पूर्व जंगली हाथियों ने परिवार का घर भी ध्वस्त कर दिया, लेकिन वन विभाग से भी कोई सहायता नहीं मिली. मृतक के चार बच्चे हैं और उनकी पत्नी मजदूरी कर परिवार चला रही है. शाहदेव ने जिला प्रशासन से जल्द मुआवजा, प्रमाणपत्र जारी करने और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की. मौके पर रिकी वर्मा सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद थे.
हिरासत मौत मामले में मुआवजा व प्रमाणपत्र नहीं, भाजपा ने उठाये सवाल
हिरासत मौत मामले में मुआवजा व प्रमाणपत्र नहीं, भाजपा ने उठाये सवाल
