आत्मविश्वास बढ़ाने का एक सशक्त माध्यम है कराटे : श्यमाली
जिला स्तरीय कराटे चैंपियनशिप का आयोजन
जिला स्तरीय कराटे चैंपियनशिप का आयोजन
बरवाडीह. प्रखंड मुख्यालय में लातेहार कराटे-डू एसोसिएशन के तत्वावधान में जिला स्तरीय कराटे चैंपियनशिप का सफल आयोजन किया गया. प्रतियोगिता में जिले भर से आये खिलाड़ियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और अपने कौशल का शानदार प्रदर्शन किया. कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में समाजसेवी श्यामली शर्मा को अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया गया. मौके पर उन्होंने कहा कि कराटे केवल एक खेल नहीं, बल्कि आत्मरक्षा और आत्मविश्वास बढ़ाने का सशक्त माध्यम है. उन्होंने युवाओं को इस खेल से जुड़ने और शारीरिक व मानसिक रूप से मजबूत बनने के लिए प्रेरित किया. संगठन के अध्यक्ष मदन लाल ने बताया कि प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों का चयन राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए किया जाएगा. जहां वे जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे. प्रतियोगिता में जूनियर एवं सब-जूनियर वर्ग के बीच मुकाबले आयोजित किए गए. जिसमें खिलाड़ियों ने अनुशासन और तकनीक का बेहतरीन प्रदर्शन किया. मौके पर संगठन के सचिव जंगबहादुर सिंह, उपाध्यक्ष रमेश कुमार, फूलचंद सिंह, चंदन कुमार, राहुल कुमार, रंजन कुमार सिंह सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित थे.