उपायुक्त ने नगर पंचायत और जिला परिवहन कार्यालय का निरीक्षण किया
लातेहार. उपायुक्त संदीप कुमार ने शुक्रवार को नगर पंचायत कार्यालय एवं जिला परिवहन कार्यालय का औचक निरीक्षण किया. निरीक्षण के दौरान उन्होंने कार्यालयों में संचालित कार्यों, अभिलेखों के संधारण, साफ-सफाई व्यवस्था, कर्मियों की उपस्थिति तथा आम नागरिकों को उपलब्ध करायी जा रही सेवाओं की स्थिति का जायजा लिया. नगर पंचायत कार्यालय में उपायुक्त ने कर संग्रह, साफ-सफाई, पेयजल, स्ट्रीट लाइट सहित विभिन्न योजनाओं एवं जनहित से जुड़े कार्यों की जानकारी ली. उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि नागरिकों की समस्याओं का त्वरित निष्पादन सुनिश्चित करें तथा कार्यालय में आने वाले लोगों के साथ बेहतर व्यवहार बनाये रखें. जिला परिवहन कार्यालय के निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने ड्राइविंग लाइसेंस, वाहन निबंधन, टैक्स संग्रहण एवं अन्य परिवहन संबंधी सेवाओं की समीक्षा की. उन्होंने लंबित मामलों के शीघ्र निष्पादन एवं कार्यालय कार्यों में पारदर्शिता बनाये रखने का निर्देश दिया. उपायुक्त ने दोनों कार्यालयों में साफ-सफाई व्यवस्था को दुरुस्त रखने, समय पर कार्यालय संचालन सुनिश्चित करने तथा सरकारी योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ आमजनों तक सुगमता से पहुंचाने पर विशेष जोर दिया. मौके पर अनुमंडल पदाधिकारी लातेहार अजय कुमार रजक समेत कई पदाधिकारी उपस्थित थे.
