लातेहार:सदर प्रखंड अंतर्गत सांसग पंचायत के सांसग गांव में निर्माणाधीन कूप धंसने से मृत एतवा तूरी (40 वर्ष) एवं मधु कुमारी (एक वर्ष) का शव पुलिस शुक्रवार की अहले सुबह लेकर सदर अस्पताल पहुंची. जहां दोनों शव का पोस्टमार्टम किया गया.
इधर, खबर की सूचना पर उपविकास आयुक्त रामदेव दास, अनुमंडल पदाधिकारी हैदर अली एवं बीपीओ तरशीला टोप्पो ने शुक्रवार को घटनास्थल का निरीक्षण किया. कूप धंसने के संबंध में पूछे जाने पर डीडीसी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है. मृतक के परिजन को प्रावधान के तहत मुआवजा दिया जायेगा. उन्होंने इस संबंध में आवश्यक दस्तावेजी कार्यवाही पूरी करने का निर्देश बीडीओ ब्रजलता को दिया है.
क्या है मामला : ज्ञात हो कि मनरेगा के तहत सांसग निवासी चौठी तूरी के खेत में कूप निर्माण के दौरान गुरुवार को मिट्टी धंस गयी. जिससे काम कर रहे मजदूर अंदर फंस गये. इस दुर्घटना में एतवा तूरी एवं एक बच्ची की मौत घटनास्थल पर ही हो गयी थी.
