– आशीष टैगोर –
लातेहार : लातेहार. कहते हैं कि अगर मन में कुछ करने की ललक हो, तो सीमित संसाधन भी आड़े नहीं आता है. ऐसा ही एक नाम है राहुल कुमार का. शहर के धर्मपुर निवासी राहुल कुमार ने गत 19 से 26 जनवरी तक पलामू में आयोजित उषा मार्टिन कप बैडमिंटन टुर्नामेंट के एकल व युगल दोनो वर्गो के खिताब पर अपना कब्जा जमा कर लातेहार जिले का नाम रोशन किया है.
राहुल ने अंडर 16 के एकल एवं युगल एवं अंडर 19 के एकल एवं युगल में अपने प्रतिद्वंद्वी को हराया. पलामू जिला बैडमिंटन एसोसिएशन के अध्यक्ष संतोष सिंह नामधारी, सचिव मनोज कुमार सिंह एवं जनरल मैनेजर राजीव सिंह ने उन्हें पुरस्कार दिया.आर्थिक तंगी एवं बदहाली के बीच राहुल बैडमिंटन के कई प्रतियोगिताओं को अपने नाम कर चुका है. बचपन में ही राहुल के सिर से पिता का साया उठ गया.
माता रेखा कुंवर मायके में आंगनबाड़ी सेविका के रुप में कार्य कर उसका एवं उसकी बहन का भरण- पोषण कर रही है. राहुल को इस बात का मलाल है कि न तो जिला प्रशासन एवं ना ही समाज के गणमान्य लोग उसकी मदद को आगे आते हैं. इससे पहले राहुल दो बार झारखंड स्टेट चैंपियनशिप घोषित हो चुका है. लेकिन आर्थिक तंगी के कारण वह राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित प्रतियोगिताओं में हिस्सा नहीं ले पा रहा है. उसने कई बार जिला प्रशासन एवं जिले में कार्यरत औद्योगिक घरानों से आर्थिक मदद करने की गुहार लगायी ताकि वह राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में हिस्सा ले सके, लेकिन अभी तक उसका सपना पूरा नहीं हो सका है. उसे आज भी ऐसे रहनुमा की तलाश है जो उसकी मुराद को पूरी कर सके.
