चंदवा : मंगलवार की दोपहर माल्हन पहाड़ से अवैध रूप से तोड़े गये पत्थर से लदे एक ट्रैक्टर को जब्त किया गया. ट्रैक्टर चालक पंचराज गंझू व मजदूर परशुराम गंझू (महुडर टोला, हुटाप) को गिरफ्तार कर लिया गया है. दोनों को अनुमंडलीय न्यायिक दंडाधिकारी के पास भेजा जायेगा. चालक के मुताबिक पत्थर को एकमहुआ गांव स्थित क्रशर में ले जाया जा रहा था.
छापामारी डीएफओ विजय शंकर दुबे के नेतृत्व में रेंजर दीपक शर्मा, वनपाल अभिमन्यु सिंह, लल्लु राम द्वारा की गयी. मालूम हो कि इन दिनों प्रखंड के विभिन्न इलाकों में अवैध रूप से पत्थर तोड़ने व लकड़ी काटने का धंधा चरम पर है.
इसी सूचना के आधार पर डीएफओ द्वारा छापामारी अभियान चलाया गया. छापामारी से पत्थर व लकड़ी के अवैध कारोबारियों में हड़कंप है. डीएफअो श्री सिंह ने कहा कि बगैर लीज के पत्थर तोड़ना व परिवहन गैरकानूनी है. उन्होंने लोगों से सूचना देने की अपील की है.
