लातेहार : लातेहार समेत आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में प्रकाश उत्सव दीपावली पांरपरिक तरीके से मनायी गयी. इस मौके पर लोगों ने अपने घरों एवं प्रतिष्ठानों में दीये जलाये. देर रात तक विघ्नहरण भगवान गणेश एवं धन की देवी मां लक्ष्मी की प्रतिमा स्थापित कर पूजा अर्चना की. पूरा शहर के केेले की थंबों से पट गया था. घरों में आकर्षक विद्युत सज्जा की गयी थी. सभी मुहल्लों में लोगों ने जम कर आतिशबाजी की. बच्चों में खासा उत्साह देखा गया.
दीपावली के मौके पर कई मुहल्लों एवं चौक चौराहों पर लोगों को जुआ खेलते देखा गया. युवाओं की टोलियों को सामूहिक रूप से जुआ खेलते देखा गया. कई मुहल्लों में तो बच्चों की टोलियां भी ताश के पत्तों पर किस्तमत आजमाती नजर आयी.
गाय दाड़ का आयोजन किया गया: दीपावली के दूसरे दिन ग्रामीण क्षेत्रों में गाय दाड़ का आयोजन किया गया. इसमें क्षेत्र के पशुपालकों ने भाग लिया. शहर के चाणक्यनगरी के अलावा होटवाग व डुंड़गी खुर्द आदि ग्रामीण क्षेत्रों में पारंपरिक रूप से गाय-दाड़ का आयोजन किया गया.
पुलिस गश्त लगाती रही: पुलिस अधीक्षक अनूप बिरथरे के निर्देश पर दीपावली की पूरी रात सदर थाना पुलिस क्षेत्र के कई मुहल्लों में गश्त लगाती दिखायी पड़ी. दीपावली में कहीं से किसी अप्रिय घटना का समाचार नहीं प्राप्त हुआ है.
