लातेहार : अपर समाहर्ता अनिल कुमार द्वारा 24 जुलाई को मनिका प्रखंड कार्यालय स्थित खाद्यान्न गोदाम के निरीक्षण के दौरान गोदाम प्रबंधक को जमीन पर बैठा कर दस्तावेज जांच करने का मामला तूल पकड़ लिया है.
गोदाम प्रबंधक गिरिवर राम ने उपायुक्त की जनता दरबार में उक्त मामले को प्रस्तुत किया है. श्री राम ने उपायुक्त को बताया कि गोदाम के मजदूरों, जनवितरण प्रणाली के दुकानदारों (डीलरों) एवं आम नागरिकों के समक्ष अपर समाहर्ता ने राजतंत्र के जैसा आदेश पारित कर उन्हें जबरन जमीन पर बैठा कर अपमानित किया है.
उन्होंने उपायुक्त से मामले की जांच कराने तथा उन्हें पद मुक्त करने की मांग की. कहा कि ऐसी बेइज्जती से नौकरी छोड़ देना ही उचित है. उपायुक्त ने मामले की जांच कराने का निर्देश अनुमंडल पदाधिकारी लातेहार को दिया है. उधर, खाद्यान्न गोदाम के कर्मियों ने इस मामले में आंदोलन करने की बात कही है.
