लातेहार. सीआइसी सेक्शन के बरवाडीह-बरकाकाना रेलखंड पर कोयला लदी मालगाड़ी की एक बोगी में आग लग गयी. हालांकि लातेहार स्टेशन में आग पर काबू पा लिया गया. जानकारी के अनुसार उक्त मालगाड़ी खलारी से कोयला लोड कर गढ़वा रोड जा रही थी. रिचुघुटा रेलवे स्टेशन में ग्रामीणों ने एक बोगी से धुआं उठता देखा.
इसकी सूचना लातेहार रेलवे स्टेशन को दी. लातेहार स्टेशन में मालगाड़ी को रोक दिया गया. बाद में दमकल बुला कर आग पर काबू पाया गया. इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ है. स्टेशन प्रबंधक पी तिवारी ने इस घटना की पुष्टि की है. उन्होंने कहा कि वरीय अधिकारियों को इसकी सूचना दे दी गयी है.
