लातेहार. नगर पंचायत क्षेत्र में वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए होल्डिंग टैक्स, वॉटर टैक्स और ट्रेड लाइसेंस जमा करने की प्रक्रिया शुरू हो गयी है. इसके लिए पोर्टल अपडेट कर जन सुविधा केंद्र खोल दिया गया है. होल्डिंग टैक्स के समय पर भुगतान पर 15 प्रतिशत तक छूट का प्रावधान है, जिसका लाभ महिलाएं, वरिष्ठ नागरिक, सैन्यकर्मी और दिव्यांग उठा सकते हैं. हालांकि, वॉटर यूजर चार्ज और ट्रेड लाइसेंस में कोई छूट देय नहीं है. नगर पंचायत प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे समय पर टैक्स जमा कर छूट का लाभ उठायें. भाजपा ने ग्रामीणों से साधा सीधा संवाद
चंदवा. भाजपा के स्थापना दिवस पर शनिवार को चंदवा पूर्वी एवं पश्चिमी मंडल की पहल पर ग्राम चलो-बस्ती चलो अभियान आयोजित हुआ. इसके तहत बारी पंचायत के बरैनी और लाधुप के सेन्हा गांव में विशेष बैठकें हुईं. कार्यक्रम की अध्यक्षता पंचायत अध्यक्ष यमुना चौधरी और जनक महतो ने की. बैठक में वक्ताओं ने भाजपा की नीतियों, विचारधारा और केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं पर विस्तार से प्रकाश डाला. कार्यकर्ताओं से आह्वान किया गया कि वे गांव-गांव जाकर आमजन को सरकारी योजनाओं से जोड़ें. कार्यक्रम प्रभारी सह सांसद प्रतिनिधि दीपक निषाद ने कहा कि इस अभियान का उद्देश्य सीधे ग्रामीणों से संवाद कर उनकी समस्याओं को समझना और संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करना है. यह कार्यक्रम मंडल अध्यक्ष आशीष सिंह और विनय उर्फ रिक्की वर्मा के नेतृत्व में संचालित हुआ.
