कोडरमा बाजार. उपायुक्त मेघा भारद्वाज व जिला प्रशासन के विरुद्ध सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स (टि्वटर) व अन्य जगहों पर लगातार असंसदीय टिप्पणी करने व भ्रामक बातें करने को लेकर कोडरमा थाना में केस दर्ज किया गया है़ कोडरमा सदर के कार्यपालक दंडाधिकारी मनोज कुमार रवि ने थाना में आवेदन देकर पहले से विवादों में घिरे रहे डॉ कुमार सौरव व अन्य के विरुद्ध केस दर्ज कराया है़ थाना कांड संख्या 34/25 दर्ज कर पुलिस मामले की जांच कर रही है़ जानकारी के अनुसार आवेदन में कार्यपालक दंडाधिकारी ने जिला जनसंपर्क कार्यालय, कोडरमा के पत्रांक 68 दिनांक ए मार्च 2025 के आलोक में प्राथमिकी दर्ज कराने की बात कही है़ आवेदन में कहा गया है कि 28 फरवरी 2025 को एक्स के पेज पर भ्रमित की जाने वाली जानकारी डॉ कुमार सौरभ द्वारा गलत कमेंट करते हुए देते हुए उपायुक्त, कोडरमा की छवि को धूमिल कर उन्हें उनका मानहानि किया गया है़ डॉ. सौरभ के द्वारा बिल्कुल आधारहीन और तथ्यहीन झूठा आरोप लगाते हुए असंसदीय भाषा का प्रयोग कर डीसी को मानसिक आघात पहुंचाया है़ यही नहीं 28 फरवरी को ही एक्स के दूसरे पेज यूपीएससी के लुटेरे हैं सब दिल्ली में नाम से एक यूजर द्वारा बिना साक्ष्य के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर गलत तथ्यों को पोस्ट कर जिला प्रशासन कोडरमा की छवि को धूमिल करते हुए यहां की आम जनता को जिला प्रशासन के विरुद्ध भड़का कर प्रशासनिक व्यवस्था में व्यवधान करवाकर सरकारी कार्य में बाधा उत्पन्न की गई है़ इसी पेज पर एक मार्च को मरकच्चो अंचल से संबंधित जमीन का मामला जो 2022 का है उसे तोड़ मरोड़ कर पोस्ट किया गया है, जो बिल्कुल झूठा आरोप है, चूूंकि उक्त जमीन का मामला व्यवहार न्यायालय कोडरमा में लंबित है़ आवेदन में कहा गया है कि कोडरमा जिला के सभी सरकारी तंत्र के विरुद्ध तथा वर्तमान जिला उपायुक्त की छवि को धूमिल करते हुए सार्वजनिक रूप से यूट्यूब, फेसबुक, व्हाट्सएप्प, सोशल मीडिया चैनल आदि पर सरकारी तंत्र को भ्रष्ट कहकर आम जनता को भड़का कर राष्ट्रीय एकता, अखंडता व देश की संप्रभुता को भंग किया गया है़ डॉ कुमार सौरभ इस प्रकृति के अपराध के आदतन अपराधी रहे हैं जिसके लिए उनके विरुद्ध कोडरमा थाना कांड संख्या 89/22 व 24/24 दर्ज किया गया था़ इसमें वे जेल जा चुके हैं और वर्तमान में वे जमानत पर हैं. ज्ञात हो कि डॉ कुमार सौरभ पहले सदर अस्पताल में अनुबंध पर पदस्थापित थे़ अस्पताल में हुए विवाद के बाद उन्हें सेवा से हटा दिया गया था़
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
