झुमरीतिलैया़ रेलवे भर्ती बोर्ड द्वारा आयोजित कांस्टेबल परीक्षा में शामिल होनेवाले उम्मीदवारों के लिए राहत भरी खबर है. रेलवे ने परीक्षार्थियों की सुविधा के लिए पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन (डीडीयू) से रांची के बीच कोडरमा के रास्ते परीक्षा विशेष ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है. यह ट्रेन गया, कोडरमा, गोमो, चंद्रपुरा और बोकारो स्टील सिटी होते हुए चलेगी, जिससे कोडरमा और आसपास के क्षेत्रों के उम्मीदवारों को बड़ी सुविधा मिलेगी. 03640 डीडीयू-रांची परीक्षा विशेष ट्रेन तीन मार्च को और 03639 रांची-डीडीयू परीक्षा विशेष ट्रेन चार मार्च को चलायी जायेगी. यह ट्रेन रात 2:40 बजे कोडरमा पहुंचेगी और 2:38 बजे प्रस्थान करेगी, जिससे उम्मीदवार समय पर अपनी परीक्षा केंद्र पहुंच सकेंगे. वाणिज्य प्रबंधक एवं जनसंपर्क अधिकारी अमरेश कुमार ने कहा कि रेलवे हमेशा यात्रियों की सुविधा के लिए तत्पर रहती है. परीक्षा को ध्यान में रखते हुए यह विशेष रेलगाड़ी चलायी जा रही है.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
