जयनगर. प्रखंड में विगत एक सप्ताह से 32 हाथियों का झुंड डेरा डाले हुए हैं. हाथी क्षेत्र में जमकर तबाही भी मचा रहे हैं. हाथी किसानों की बागवानी, फसल एवं घर में रखे अनाज को निशाना बनाते है. सोमवार की रात हाथियों ने प्रखंड के विभिन्न गांवों में भी जमकर उत्पात मचाया है. हाथियों का झुंड सोमवार की रात्रि करीब नौ बजे बरहमसिया जंगल की ओर से लोहाडंडा की तरफ विचरण करते हुए देखा गया. यहां से ग्रामीण और वन विभाग की टीम ने हाथियों को आग जलाकर व पटाखा फोड़कर खदेड़ा. इसके बाद हाथी खेसकरी की ओर पहुंच गये. इस दौरान हाथी का झुंड दो गुट में बंट गये. जिससे इलाके में और भय का माहौल बन गया. वहीं हाथियों के आने के बाद लोहाडंडा, खेसकरी, कटहाडीह की ओर अफरातफरी का माहौल बन गया. इसी बीच खेसकरी मोड के पास हाथियों के झुंड ने अरमान खान पिता सलीम खान के मुर्गी फार्म को क्षतिग्रस्त कर दिया. साथ ही तीन एकड़ में लगे आम बागवानी में करीब 50 पौधों को नष्ट कर दिया. साथ ही बाउंड्री को भी तोड़ दिया. वहीं हाथियों ने महुआटांड़ में भी रात्रि में जमकर उत्पात मचाया. इस दौरान जंग बहादुर सिंह के खेत की चहारदीवारी, कामता प्रसाद सिंह के खेत की चहारदीवारी, आनंद सिंह की भी चहारदीवारी को क्षतिग्रस्त किया और उनकी फसलों को नष्ट किया. इस दौरान गांव के नव सृजित प्राथमिक विद्यालय के खिड़की दरवाजे को भी तोड़ दिया. हाथियों के इस उत्पात से पूरे क्षेत्र में डर का माहौल बना हुआ है.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
