जयनगर में इमामे आजम काॅन्फ्रेंस जलसे का आयोजन जयनगर, प्रतिनिधि हाजी मुहल्ला मुश्किल कुशा कमेटी के तत्वावधान में इमामे आजम कॉन्फ्रेंस जलसा का आयोजन किया गया. कार्यक्रम की अध्यक्षता मौलाना गुलाम सरवर ने की, जबकि संचालन कारी सरमद बरकाती ने किया. जलसे को संबोधित करते हुए मौलाना फारुख खान रजवी ने कहा कि आज के दौर में सोशल मीडिया जहां जानकारी का एक महत्वपूर्ण माध्यम है, वहीं यह नौजवानों के ईमान के लिए बड़ी चुनौती भी बनता जा रहा है. उन्होंने कहा कि यदि युवा संभल गये, तो पूरी कौम संभल जायेगी, लेकिन उनके भटकने का असर आने वाली नस्लों पर भी पड़ेगा. मौलाना रजवी ने नौजवानों से अपील की कि वे सोशल मीडिया पर फैल रही भ्रामक और गलत जानकारियों से सावधान रहें तथा अपने दीन की सही समझ हासिल करें. उन्होंने कहा कि मोबाइल और सोशल प्लेटफॉर्म का उपयोग सकारात्मक कार्यों के लिए किया जाना चाहिए, ताकि समाज में अच्छाई और जागरूकता फैल सके. मौके पर काजी मुश्ताक जमशेदपुर, मुफ्ती अमीरुद्दीन, मुफ्ती नौशाद आलम अमजदी, मौलाना शाहनवाज, सिराजुल कादरी, इखलास अहमद, नसीम अहमद, हाफिज जियाउल सहित दर्जनों लोग मौजूद थे.
सोशल मीडिया की भ्रामक जानकारी से सावधान रहने की नसीहत
जयनगर में इमामे आजम काॅन्फ्रेंस जलसा का आयोजन
