जयनगर. थाना क्षेत्र के रघुनियाडीह में सोमवार को बालू लदे ट्रैक्टर और बाइक के बीच टक्कर हो गयी. हादसे में बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई़ मृतक की पहचान रघुनियाडीह निवासी मो अबुतलहा (पिता मो ताहिर हुसैन) के रूप में हुई. घटना से आक्रशित स्थानीय लोगों ने रघुनियाडीह मुख्य मार्ग को सुबह करीब 11 बजे से दोपहर दो बजे तक जाम रखा़ वे मृतक के परिजनों को उचित मुआवजा व बालू लोड ट्रैक्टरों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग कर रहे थे़ सीओ सारांश जैन के आश्वासन के बाद सड़क जाम हटा. जानकारी के अनुसार सुबह में ट्रैक्टर बालू लोड कर जा रहा था़ इसी दौरान घटनास्थल पर बाइक सवार को अपनी चपेट में ले लिया़ हादसे में युवक ट्रैक्टर व बालू के नीचे दब गया़ स्थानीय लोगों ने युवक को बचाने का काफी प्रयास किया, पर ट्रैक्टर पर लदे बालू के नीचे दब जाने के कारण युवक की मौत हो गयी. हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक मौके से फरार हो गया़ ऐसे में लोग आक्रोशित हो गये. लोगों ने उसी दौरान वहां बालू लोड कर पहुंचे एक अन्य ट्रैक्टर के टायर की हवा खोल दी. घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस अवर निरीक्षक प्रतिक टोप्पनो पुलिस बल के साथ घटना स्थल पर पहुंचे़ सीओ सारांश जैन ने दोनों ट्रैक्टर को अपने कब्जे ले लिया है. घटना के बाद आक्रोशित लोगों ने रघुनियाडीह मुख्य मार्ग को घंटों जाम रखा़ सीओ के आश्वासन के बाद जाम को हटाया गया़ बाद में पुलिस प्रशासन के द्वारा मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल कोडरमा भेजा गया़ हादसे में युवक की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है़
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
