कोडरमा बाजार : बाल श्रम के आरोप में जिला खनन पदाधिकारी योगेंद्र बड़ाइक के साथ खूंटी के गोपाल बड़ाइक व राम सिंह भगत पर खूंटी की मानव तस्करी निषेध यूनिट ने मामला दर्ज कराया है. तीनों पर बाल श्रम के लिए दो बच्चियों को फुसला कर ले जाने का आरोप है.
सीडब्ल्यूसी की अध्यक्ष ममता सिंह व जिला बाल संरक्षण पदाधिकारी नरेंद्र सिंह ने बताया कि मंगलवार को बागीटांड़ से खूंटी के सुकरा होरो की पुत्री रेशमा होरो (10) व हेटुआर सांगा की पुत्री फोलो सांगा (12) को कोडरमा पुलिस ने बरामद किया था. दोनों बच्चियों को खूंटी स्थित मानव तस्करी निषेध यूनिट कार्यालय में भेजा दिया गया था, ताकि दोनों को खूंटी के हेसाबेड़ा में रहनेवाले उनके परिजनों को सौंपा जा सके.
जिला बाल संरक्षण पदाधिकारी नरेंद्र सिंह ने बताया कि सीडब्ल्यूसी के द्वारा श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी को जिला खनन पदाधिकारी के खिलाफ अभियोजन दायर करने के लिए पत्र लिखा गया है. इस मौके पर सीडब्ल्यूसी के राजकुमार सिन्हा, सत्येंद्र कुमार, मनोज दांगी, दिनेश कुमार पाल आदि मौजूद थे. इधर, डीएमओ योगेंद्र बड़ाइक ने आरोप से इनकार करते हुए कहा कि दोनों बच्चियों को वे पढ़ाने के लिए कोडरमा लाये थे.
