कोडरमा बाजार : जिले में स्थापित पुलिस कंट्रोल रूम को पूरी तरह से हाइटेक व एक्टिव करने की कवायद शुरू हो गयी है. इसको लेकर एसपी वाई एस रमेश ने बुधवार को पुलिस कंट्रोल रूम का निरीक्षण किया. उन्होंने यहां की समस्याओं की जानकारी लेने के साथ-साथ उपलब्ध सुविधाओं की भी जानकारी ली. एसपी श्री रमेश ने कहा कि बहुत जल्द यहां बिजली की समुचित व्यवस्था होगी. इसके लिए जेनरेटर व अन्य सामग्री की खरीदारी होगी.
एसपी श्री रमेश ने कहा कि एक मोबाइल भी कंट्रोल रूम को दिया जायेगा. उक्त मोबाइल नंबर जनता को भी उपलब्ध कराया जायेगा, ताकि लोग किसी भी प्रकार की सूचना पुलिस को दे सकें. एसपी ने यहां दो शौचालय के अलावा मेस का निर्माण, पानी के लिए मोटर लगाने तथा घेराबंदी करवाने की बात कही. एसपी ने माल खाने का भी निरीक्षण किया. नयी व्यवस्था के तहत अब पुलिस कंट्रोल रूम में पुलिस बल की मौजूदगी भी रहेगी, जो सूचना मिलने पर तुरंत घटनास्थल की ओर रवाना होंगे. निरीक्षण के दौरान एएसपी नौशाद आलम के अलावा अन्य पुलिस अधिकारी मौजूद थे.
