कोडरमा : होली में कोलकाता से अपने घर लौट रहे दो रेल यात्राी ट्रेन में नशा खुरानी गिरोह का शिकार बन गये. दोनों को नशे की चीज देकर सारा सामान लूट लिया गया. दोनों यात्री कोलकाता से अजमेर सियालदह एक्सप्रेस से आ रहे थे. इसी दौरान गिरोह के शिकार बने.
बुधवार की सुबह कोडरमा जीआरपी को सूचना मिलने पर दोनों को सदर अस्पताल में भरती कराया गया. इसमें से एक को कुछ देर बाद होश आया, जबकि दूसरा बेहोशी की हालत में है. होश में आये व्यक्ति की पहचान भुनेश्वर साव (पिता भोला साव निवासी डुमरडीहा मरकच्चो) के रूप में हुई है. जीआरपी ने इनके परिजनों को सूचना दी, तो वे सदर अस्पताल पहुंचे. परिजनों ने बताया कि भुनेश्वर एक साल बाद घर लौट रहा था.
एक घायल : धनबाद गया रेलखंड के गझंडी के पास बुधवार को ट्रेन की चपेट में आने से एक व्यक्ति घायल हो गया. घटना पोल संख्या 395/16 के करीब हुई. व्यक्ति की पहचान नहीं हो पायी है. जीआरपी ने उसे सदर अस्पताल में भरती कराया है.
लूट कांड का आरोपी पकड़ाया : झुमरीतिलैया. तिलैया पुलिस ने लूटकांड के मामले में फरार चल रहे सत्येंद्र यादव (पिता विशुन यादव, निवासी फतेहपुर, गया) को गिरफ्तार किया है. आरोपी के खिलाफ कांड संख्या 317/06 दर्ज था.
