कोडरमा बाजार : वर्ष 2014 समाप्त होने वाला है. वर्ष 2014 में कई ऐसी घटनाएं हुईं, जिससे पुलिस की कार्य प्रणाली पर सवाल खड़े हुए.
पुलिस ने कई मामलों में सफलता भी हासिल की. वर्ष 2014 में आपराधिक घटनाएं बढ़ीं. सुदूरवर्ती सतगावां में नक्सली घटनाओं ने भी लोगों को चौंकाया. वर्ष भर में जिले में 25 हत्या, सात मार्ग डकैती, 10 मार्ग लूट व चोरी की 63 घटनाओं को लेकर मामले दर्ज किये गये.
सबसे बड़ी घटना बिहारशरीफ से कोलकाता जा रही बंगाल टाइगर नामक बस को हाइजैक कर गझंडी जंगल में यात्रियों से लूटपाट की रही. इसी रात कोडरमा घाटी में कई यात्री वाहनों से लूटपाट हुई थी. हालांकि पुलिस ने बस लूटकांड गिरोह का खुलासा करते हुए अपराधियों को धर दबोचा. इसके अलावा जिले का जयनगर थाना क्षेत्र गोली-बारी की घटनाओं को लेकर चर्चा में रहा.
यहां के कंङिायाडीह में डकैतों ने घटना का विरोध करने पर महिला के सिर में गोली मार कर सनसनी फैला दी थी. कुछ महीने के बाद थाना क्षेत्र के अलगडीहा में सरेआम पीडीएस डीलर की हत्या करते हुए बम विस्फोट कर अपराधी फरार हो गये थे. तिलैया थाना क्षेत्र के फैक्टरी मालिक से पीएलएफआइ के नाम पर रंगदारी मांगने के मामले का पुलिस ने खुलासा किया.
शहर के प्रमुख व्यवसायियों को डाक के माध्यम से धमकी भरा पत्र भेज कर रंगदारी मांगने का मामला भी चर्चा में रहा. वर्ष के अंत में कोडरमा निवासी ऑटो चालक के अपहरण मामले का पुलिस ने खुलासा कर फिरौती की रकम व अपराधियों को पकड़ कर उनके मनोबल को तोड़ने का काम किया.
