जनशताब्दी में डकैती का मामला, एसआरपी इंद्रजीत महथा ने कहा
झुमरीतिलैया : एक जुलाई की रात रांची-पटना जनशताब्दी एक्सप्रेस (अप) में हुई डकैती को पुलिस ने चुनौती के रूप में लिया है. हालांकि अभी तक इस मामले में कोई गिरफ्तारी नहीं हुई, लेकिन मामले का जल्द खुलासा होगा और अपराधी पुलिस गिरफ्त में होंगे. यह दावा शनिवार को यहां रांची के एसआरपी इंद्रजीत महथा ने किया.
कोडरमा रेलवे स्टेशन परिसर में शनिवार को बिहार व झारखंड राज्य के पुलिस पदाधिकारियों की संयुक्त समीक्षा बैठक हुई. इसमें पटना के एसआरपी उपेंद्र प्र सिन्हा व धनबाद रेल मंडल के प्रभारी एसआरपी इंद्रजीत महथा भी शामिल हुए. दोनों अधिकारियों ने घंटों इस कांड पर विचार मंथन किया. यात्रियों की सुरक्षा कैसे पुख्ता हो, इस पर भी विचार हुआ. बाद में पत्रकारों से बातचीत करते हुए रेल एसपी इंद्रजीत महथा ने कहा कि दोनों राज्यों की पुलिस में कोऑर्डिनेशन को लेकर दोनों राज्यों की पुलिस को गाइड लाइन दी गयी है.
जनशताब्दी में घटना के पहले स्कॉट पार्टी नहीं रहने के सवाल पर उन्होंने कहा कि इस ट्रेन में अब स्कॉट की व्यवस्था गया रेल पुलिस की ओर से की गयी है. हम कुछ और ट्रेनों में सुरक्षा बढ़ाने पर विचार कर रहे हैं. कोडरमा व गया के बीच का इलाका जंगली क्षेत्र होने के कारण बदमाश इसका फायदा उठा रहे हैं. ऐसे में ट्रेनों में सुरक्षा बढ़ाने से संबंधित प्रस्ताव उच्च अधिकारियों को भेजा जायेगा. बैठक में एएसपी रेल गया शैलेश कुमार सिन्हा, इंस्पेक्टर गया जीआरपी अजय कुमार, जीआरपी गया के प्रभारी एके मिश्र, जीआरपी कोडरमा के प्रभारी अर्जुन सिंह सुंडी, तिलैया थाना के प्रभारी केपी यादव आदि मौजूद थे.
दोनों राज्यों के अपराधकर्मी शामिल : रेल एसपी इंद्रजीत महथा ने बताया कि डकैती के दिन से ही मामले का अनुसंधान जारी है. उन्होंने कहा कि खुलासा के लिए कुछ वक्त चाहिए. घटना को अंजाम देने में दोनों राज्यों के अपराधी शामिल हैं. छापामारी के लिए गठित टीम में शामिल अधिकारी पूर्व में रेलवे के अपराधी रहे लोगों की पहचान कर रहे हैं. यात्रियों के बयान के आधार पर संयुक्त छापामारी की जा रही है. छापामारी अभियान में कोडरमा व गया पुलिस का भी सहयोग लिया जा रहा है.
