: हिंसा पीड़ित महिलाओं को एक ही छत के नीचे मिलेगी हर सुविधा जयनगर. प्रखंड कार्यालय परिसर में आजीविका महिला संकुल स्तरीय प्राथमिक स्वावलंबी सरकारी समिति लिमिटेड के जेंडर रिसोर्स सेंटर गरिमा केंद्र का उदघाटन विधायक अमित कुमार यादव ने किया. कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उपायुक्त ऋतुराज थे. उन्होंने कहा कि इस केंद्र के शुरू होने से महिलाओं में स्वावलंबन की प्रक्रिया तेज होगी और वे अपने पैरों पर खड़े होकर आजीविका चला सकेंगी. उपायुक्त ऋतुराज ने गरिमा केंद्र के उद्देश्यों की जानकारी देते हुए कहा कि यहां महिलाओं को कई तरह की सुविधाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध करायी जायेंगी. उन्होंने बताया कि हिंसा से पीड़ित महिलाओं व किशोरियों के लिए पंजीकरण, रेफरल सुविधा, हक-अधिकार से जुड़ी योजनाओं की जानकारी, मनोवैज्ञानिक परामर्श, समस्याओं का निराकरण, फॉलोअप, टेलीमेडिसिन तथा अल्पकालिक आवास की व्यवस्था इसी छत के नीचे होगी. कार्यक्रम प्रबंधक ने बताया कि केंद्र के शुरू होने से ग्रामीण महिलाओं को त्वरित सहायता मिलेगी. इससे महिला हिंसा में कमी आयेगी और लैंगिक समानता को बढ़ावा मिलेगा. यह केंद्र राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, झारखंड सरकार व जिला प्रशासन के संयुक्त प्रयास से स्थापित किया गया है.मौके पर प्रमुख अंजू देवी, जिप उपाध्यक्ष निर्मला देवी, बीडीओ गौतम कुमार, सीओ सारांश जैन, जिप सदस्य केदारनाथ यादव, उप प्रमुख राज नारायण सिंह, मुखिया राजकुमार यादव, कौशर खान, जेएसएलपीएस जिला कार्यक्रम प्रबंधक प्रकाश रंजन, सामाजिक विकास जिला प्रबंधक विपुल, नॉन फार्म राहुल कुंडू, बीपीएम नितेश कुमार, सेविकाएं व सहायिकाएं उपस्थित थीं.
जेंडर रिसोर्स सेंटर का उदघाटन
हिंसा पीड़ित महिलाओं को एक ही छत के नीचे मिलेगी हर सुविधा
