कोडरमा : पुलवामा में शहीद हुए गुमला निवासी जवान विजय सोरेन के परिवार को आर्थिक रूप से मदद करने के उद्देश्य से रविवार की शाम टीम जेजे ने झुमरीतिलैया, जयनगर, डोमचांच आदि जगहों में शहीद सहयोग कोष के अंतर्गत भिक्षाटन किया. टीम जेजे के सदस्यों ने सर्वप्रथम शहीद जवानों की याद में दो मिनट का मौन रख उन्हें श्रद्धांजलि दी. तत्पश्चात आम लोगों से भिक्षाटन के तौर पर शहीद विजय सोरेन के परिवार के लिए सहयोग राशि इकट्ठा की.
टीम जेजे सुप्रीमो जुगनू जयंत सिन्हा ने कहा कि ये शहीद के परिवार के लिए एक छोटी सी मदद है, जिसमें न सिर्फ टीम जेजे के सदस्य बल्कि जिलेवासियों का भी सहयोग शामिल है. उन्होंने कहा कि पाकिस्तान ने जिस तरह की हरकत की है उससे उसका कायराना और घिनौना अंदाज दिखता है. ऐसे धोखेबाज देश को जल्द से जल्द सबक मिलना जरूरी है.
भिक्षाटन में टीम जेजे के भीम सिंह, पप्पू सिंह, सरोज सोनी, विवेक सोनी, शशि कुमार पांडेय, राजीव रंजन शुक्ला, आकाश यादव, रवि कुमार पासवान, अमित वर्णवाल, कुणाल चौधरी, मुकेश यादव, विकास यादव, धर्मेन्द्र कौशिक आदि शामिल थे.
