पिपरवार : नये वेतनमान भुगतान सहित अन्य मांगों को लेकर विभिन्न कंपनियों के ठेका मजदूरों ने गुरुवार को कामकाज बंद कर दिया, जिससे क्षेत्र की कोयला ढुलाई ठप हो गयी. एकेटी, आरपीएल, टीटीसी, बीकेबी, मोनेट आदि कंपनियों के डंपर चालक, खलासी, मुंशी व अन्य ठेका मजदूरों ने पिपरवार गोलंबर के निकट प्रबंधन के खिलाफ जम कर नारेबाजी की.
आंदोलन की वजह से गुरुवार सुबह नौ बजे से ही सीएचपी-बचरा, अशोक-आरसीएम, पिपरवार-मोनेट, अशोक-मोनेट, अशोक-केडीएच व अशोक-ओल्ड साइडिंग की कोयला ढुलाई बाधित हो गयी. आंदोलन के कारण जाम की स्थिति उत्पन्न हो गयी, जिससे रोड सेल का काम प्रभावित हुआ.
दोपहर में पिपरवार पीओ बीपी सिंह व पिपरवार पुलिस ने आंदोलनकारियों से वार्ता शुरू की, जो समाचार लिखे जाने तक जारी थी. आंदोलन में ठेका मजदूरों में घनंजय सिंह, सुखदेव महतो, कैलाश महतो, सोनू सिंह, जयराम यादव, अब्दुल अंसारी, शेखावत अंसारी, असलम, अशोक ठाकुर, वरुण, वासदेव यादव, चरकु महतो, कृष्णा महतो, अजरुन करमाली, वासुदेव गोप, मनोज गोप, मो क्यूम, गुलाब महतो, सुधीर सिंह, प्रदीप मुंडा आदि शामिल थे.
