खूंटी:जिला में मोबाइल कंपनी कनेक्शन बढ़ाने की होड़ में सिम बेचने के बाबत सुरक्षा मानकों की अनदेखी कर रही हैं. एक ही आइडी प्रूफ पर ऑफर के नाम पर तीन सिम तक दे दिया जाता है. साप्ताहिक बाजारों में सिम बेचने के लिए मोबाइल कंपनियों द्वारा स्टॉल भी लगाये जाते हैं. कम दाम में कई नंबर व ज्यादा टॉक टाइम मिलने से ग्रामीण क्षेत्रों में सिम लेने के लिए होड़ मच जाती है. हालांकि उपभोक्ता बताते हैं कि ऐसे स्कीम वाले पैकेज में एम सिम तो चालू रहता है, लेकिन अन्य सिम बंद हो जाते हैं.
क्या होना चाहिए : एक आइडी प्रूफ पर एक ही सिम देना चाहिए, ताकि इसके दुरुपयोग की संभावना न हो. नक्सलवाद व उग्रवाद प्रभावित क्षेत्र में इस बात का विशेष ख्याल रखना चाहिए.
क्या कहते हैं एसडीपीओ : दीपक शर्मा ने कहते हैं कि सिम खरीदने व उसके इस्तेमाल में लोगों को सावधानी बरतनी चाहिए. किसी आपराधिक वारदात में सिम कार्ड का उपयोग करने पर सिम होल्डर पर ही कानूनी कार्रवाई होती है. लोगों को चाहिए कि वे अपने नाम का सिम दूसरों को इस्तेमाल के लिए न दें. गलत तरीके से सिम बेचने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जायेगी.
