बिजली कनेक्शन जोड़ने के क्रम में हुई दुर्घटना
खलारी : जेहलीटांड़ में मंगलवार अपराह्न् 1.30 बजे बिजली के पोल से गिरने से भूतनगर निवासी मंसूर अंसारी (30) की मौत हो गयी. वह एक ठेकेदार के अंदर निजी बिजली मिस्त्री के रूप में काम करता था.
प्रत्यक्षदर्शियों बताया कि जेहलीटांड़ बस्ती में एनके एरिया द्वारा कराये गये डीप बोरिंग के मोटर में बिजली का कनेक्शन करना था. केडीएच के विद्युत अभियंताओं की मौजूदगी में मंसूर कनेक्शन जोड़ने के लिए बिजली के पोल पर चढ़ा था.
तार जोड़ने के क्रम में पोल पर स्पार्क हुआ, जिससे मंजूर सिर के बल जमीन पर गिर गया. स्थानीय लोगों ने उसे तुरंत डकरा अस्पताल पहुंचा, जहां इलाज के क्रम में उसकी मौत हो गयी. इधर, मंसूर की मौत से आक्रोशित भूतनगर के ग्रामीणों ने मुआवजा व घटना के लिए जिम्मेवार व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग को लेकर केडीएच खदान व ट्रांसपोर्टिग को ठप करा दिया. ग्रामीणों का कहना था कि प्रबंधन के लापरवाही से मंसूर की मौत हुई है. देर शाम हुई वार्ता के बाद प्रबंधन ने मृतक के परिजनों को चार लाख रुपये नकद तथा उसके बच्चों की परवरिश के लिए प्रत्येक माह आर्थिक सहायता देने की घोषणा की.
