Jharkhand Weather News: झारखंड में पिछले कुछ दिनों से पड़ रही भीषण गर्मी और तेज धूप से लोग परेशान हैं. इसी बीच मौसम विभाग ने राहत की खबर दी है. आज से राज्य के मौसम में बदलाव के संकेत मिल रहे हैं. कई जिलों में गर्जन, वज्रपात, तेज हवा और बारिश की संभावना जताई गई. इसे लेकर विभाग ने अलग-अलग तिथियों के लिए येलो और ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. झारखंड राज्य के कई हिस्सों में दोपहर बाद से मौसम में बदलाव की संभावना है. शुक्रवार को रांची सहित कई जिलों में आकाश में बादल छाए रहने के साथ-साथ मेघ गर्जन, वज्रपात और तेज हवा के बीच कहीं-कहीं बारिश होने की संभावना है.
25 अप्रैल को कई जिलों में आंधी और ओलावृष्टि का ऑरेंज अलर्ट
25 अप्रैल को रांची सहित गोड्डा, साहेबगंज, पाकुड़, दुमका, देवघर, जामताड़ा, गिरिडीह, धनबाद, बोकारो, रामगढ़, खूंटी, लोहरदगा, गुमला, सिमडेगा, पूर्वी सिंहभूम, पश्चिम सिंहभूम व सरायकेला-खरसावां जिलों में कहीं-कहीं गर्जन/वज्रपात एवं 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से आंधी चलने और ओलावृष्टि होने की संभावना है. इसे देखते हुए मौसम विभाग ने ऑरेंज अलर्ट जारी किया है.
26 अप्रैल को नौ जिलों में ओलावृष्टि की चेतावनी
26 अप्रैल को गोड्डा, साहेबगंज, पाकुड़, दुमका, देवघर, जामताड़ा, गिरिडीह, धनबाद व बोकारो में ओलावृष्टि और वज्रपात होने की संभावना है. इसे देखते हुए मौसम विभाग ने इन जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. बाकी भागों में कहीं-कहीं गर्जन, वज्रपात और आंधी चलने की संभावना है.
27 अप्रैल को भी कई जिलों में खराब मौसम की संभावना
मौसम विभाग ने 27 अप्रैल को भी रांची सहित हजारीबाग, कोडरमा, गोड्डा, साहेबगंज, पाकुड़, दुमका, देवघर, जामताड़ा, गिरिडीह, धनबाद, बोकारो और रामगढ़ जिले में कहीं-कहीं ओलावृष्टि के साथ गर्जन, वज्रपात और आंधी चलने की संभावना जताई गई. कहीं-कहीं बारिश भी हो सकती है. इन जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है, जबकि बाकी भागों में तेज हवा के साथ मेघ गर्जन और वज्रपात की संभावना को देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया गया है.
यह भी पढ़ें:जैक मैट्रिक में स्टेट टॉपरों का गढ़ हजारीबाग, मगर रैंकिंग में सात पायदान धड़ाम