Jharkhand Weather: झारखंड में बारिश का दौर एक बार फिर तेज होने के आसार हैं. मौसम विभाग के अनुसार 8 और 9 सितंबर को बंगाल की खाड़ी में एक बार फिर निम्न दबाव का क्षेत्र बनने की प्रबल संभावना है. इसके प्रभाव से राज्य में बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं. फिलहाल साइक्लोनिक सर्कुलेशन झारखंड से होते हुए उत्तर प्रदेश की ओर बढ़ गया है, लेकिन इसकी नमी अब भी राज्य के कई जिलों में बनी हुई है. इसके कारण रांची समेत कई जिलों में बादल छाये रहने और कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है.
5 सितंबर को 5 जिलों में भारी बारिश और वज्रपात का अलर्ट
मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक अभिषेक आनंद के अनुसार 5 सितंबर को देवघर, दुमका, गोड्डा, पाकुड़ और साहिबगंज में वज्रपात के साथ भारी बारिश की चेतावनी दी गई है. इन जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है. उन्होंने बताया कि मानसून के अक्तूबर के दूसरे सप्ताह तक वापस लौटने की संभावना रहती है.
ये भी पढ़ें- झारखंड के 158 हाइस्कूलों को लेना होगा नया मान्यता प्रमाणपत्र, 21 स्कूलों को भी एक साल की मोहलत
झारखंड में बारिश का कोटा लगभग पूरा
1 जून से 3 सितंबर तक हुई बारिश के आंकड़ों के अनुसार झारखंड में बारिश का कोटा लगभग पूरा हो गया है. इस अवधि में राज्य में सामान्य बारिश 823.7 मिमी होती है, जबकि अब तक 819.9 मिमी बारिश दर्ज की गई है.
8 जिलों में अब भी बारिश की कमी
राज्य में कुल बारिश का आंकड़ा सामान्य के करीब पहुंचने के बावजूद 8 जिलों में बारिश की स्थिति अब भी गंभीर बनी हुई है. इन जिलों में सामान्य से काफी कम बारिश हुई है. चतरा में 32%, देवघर में 33%, गिरिडीह में 22%, गुमला में 22%, हजारीबाग में 20%, कोडरमा में 24%, पाकुड़ में 47% और साहिबगंज में 25% बारिश की कमी दर्ज की गई है.
ये भी पढ़ें- कोयला-लौह अयस्क से समृद्ध झारखंड में खनिज कानून का विरोध तेज, 7 सितंबर को होगा हूल उलगुलान
