झारखंड पंचायत चुनाव: जिप सदस्य का चुनाव लड़ रही 2 महिला प्रत्याशी के पतियों को जान से मारने की मिली धमकी

हजारीबाग के केरेडारी थाना से जिला परिषद सदस्य की चुनाव लड़ रही दो महिला प्रत्याशियों के पति को जान से मारने की धमकी मिली है. अपराधियों ने उन्हें चुनाव न लड़ने की धमकी दी है. पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन कर रही है.

हजारीबाग: केरेडारी थाना के दक्षिणी क्षेत्र से जिला परिषद सदस्य की चुनाव लड़ रही दो महिला प्रत्याशियों के पति को फोन पर जान से मारने की धमकी दी गयी. अपराधियों ने निवर्तमान जिप सदस्य अनिता सिंह, पति प्रीतम सिंह (इंटक जिलाध्यक्ष) व पूर्व प्रमुख संजू देवी, पति बालेश्वर कुमार (सांसद प्रतिनिधि बड़कागांव विस क्षेत्र) को व्हाट्सएप पर वीडियो कॉल कर एके-47 हथियार दिखाते हुए जिला परिषद सदस्य का चुनाव नहीं लड़ने की धमकी दी.

अपराधियों ने दोनों प्रत्याशियों के पति को तीन मई की दोपहर 1.30 बजे से 1.36 बजे बीच धमकी दी. धमकी मिलने पर प्रीतम सिंह व बालेश्वर कुमार ने केरेडारी थाना में दो अलग-अलग आवेदन दिया है. बालेश्वर कुमार के आवेदन व प्रीतम सिंह के आवेदन पर थाना में अज्ञात अपराधियों के विरुद्ध मामला दर्ज किया गया है.

इस मामले में थाना प्रभारी नायल गोडविन केरकेट्टा ने कहा कि मामला संज्ञान में आया है. दोनों आवेदन पर मामला दर्ज कर लिया गया है. पुलिस मामले की छानबीन कर रही है. जल्द ही अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया जायेगा. चुनाव तक दोनों उम्मीदवारों को सुरक्षा व्यवस्था उपलब्ध करायी जायेगी.

नामांकन कराने से पूर्व ही मिल रहा है धमकी :

दक्षिणी क्षेत्र से जिला परिषद सदस्य के पद के लिए पूर्व प्रमुख संजू देवी पांच मई को नामांकन करायेगी. जबकि अनिता सिंह दो मई को अपना नामांकन दाखिल किया है. पूर्व प्रमुख संजू के पति बालेश्वर कुमार को जिला परिषद सदस्य में नामांकन कराने से ही पूर्व अपराधी धमकी दे रहे हैं. नामांकन से पूर्व धमकी मिलने से उम्मीदवार सहमे हुए हैं. दोनो उम्मीदवार ने हजारीबाग एसपी से सुरक्षा व्यवस्था मुहैया कराने की मांग की है.

Posted By: Sameer Oraon

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Prabhat khabar news desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >