जायजा. डीआइजी ने किया नाला थाना का निरीक्षण, कहा
अफजलपुर फाड़ी को पुन: किया जायेगा चालू
डीआइजी को दिया गया गार्ड ऑफ ऑनर
नाला : संताल परगना दुमका प्रक्षेत्र के डीआइजी अखिलेश झा बुधवार को नाला थाना पहुंचे. यहां उन्हें सरजेंट मेजर आनंद राज खालको के नेतृत्व में जिला पुलिस बल ने गार्ड ऑफ ऑनर दिया. वहीं डीआइजी के आगमन से चौक-चौराहों पर काफी संख्या में पुलिस बल तैनात किये गये थे. डीआइजी श्री झा ने कार्यालय की लूट पंजी, डकैती पंजी, अपराध नियंत्रण पंजी, साप्ताहिक गोपनीय पंजी, निजी दैनिकी, मासिक कार्य विवरणी आदि की जांच की. उन्होंने यहां का कार्य संतोषजनक है. कुछ त्रुटि मिली है, जिसे सुधारने का निर्देश दिया गया. उन्होंने थाना परिसर में रखे कोयला के बारे में कहा कि यह कोयला केस प्रॉपर्टी है. कोर्ट जजमेंट के बाद कोयला इसीएल को दे दिया जायेगा. थाना में जब्त साइकिल की नीलामी कोर्ट के आदेश के बाद की जायेगी.
उन्होंने कहा कि अफजलपुर फांड़ी तथा महेशामुुंडा घाट पर बेरियर लगाया जायेगा. पुलिस इंस्पेक्टर धनंजय सिंह को जांच कर प्रतिवेदन देने का निर्देश दिया. अफजलपुर में बंद पड़े पुलिस फांड़ी को पुन: चालू किया जायेगा. इस संबंध में पुलिस अधीक्षक डॉ जया रॉय ने कहा कि अफजलपुर फांड़ी का प्रस्ताव भेजा गया है. इस अवसर पर डीएसपी पूज्य प्रकाश, मुख्यालय डीएसपी जयदीप लकड़ा, पुलिस इंस्पेक्टर धनंजय सिंह, थाना प्रभारी मंगल प्रसाद कुजूर, एसआइ दिलीप कुमार सिंह, गोपी पासवान, अवधेश कुमार सिंह आदि मौजूद थे.
