हाता : पोटका थाना क्षेत्र के टाटा-हाता मुख्य मार्ग स्थित पावरू मोड़ के समीप रविवार सुबह करीब आठ बजे एक दर्दनाक सड़क हादसे में ट्रक की चपेट में आने से 25 वर्षीय युवक सुमन मंडल की घटनास्थल पर ही मौत हो गयी. मृतक राजनगर थाना क्षेत्र के उरूघुटू गांव निवासी प्रदीप मंडल का पुत्र था.
घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने ट्रक चालक को पकड़कर उसकी पिटाई कर दी और मुआवजे की मांग को लेकर हाता-टाटा मुख्य मार्ग को जाम कर दिया.
दस घंटे तक रहा जाम
करीब दस घंटे तक चले जाम के कारण सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गयी. घटना की सूचना मिलते ही पोटका पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों को समझाकर जाम हटाने का प्रयास किया, लेकिन ग्रामीण मुआवजे की मांग पर अड़े रहे. ग्रामीणों की ओर से 45 लाख रुपये मुआवजे की मांग की जा रही थी. इस दौरान दुर्घटनाग्रस्त ट्रक के नीचे सुमन का शव पड़ा रहा. वहीं, ग्रामीणों की पिटाई से घायल ट्रक चालक को भी ग्रामीणों ने घेरे रखा.
नाश्ता कर लौटने के दौरान हुई दुर्घटना
मिली जानकारी के अनुसार सुमन मंडल पोल्ट्री ढोनेवाले पिकअप वैन में खलासी का काम करता था. रविवार सुबह पावरू पहाड़ स्थित वाशिंग सेंटर में पिकअप वैन को धुलाई के लिए लगाने के बाद वह पास के एक होटल में नाश्ता करने गया था. नाश्ता करने के बाद पैदल लौटने के दौरान पावरू पहाड़ मोड़ चौक के समीप शाह स्पंज कंपनी से माल खाली कर लौट रहे 12 चक्का ट्रक संख्या (सीजी-15-डीएच-5176) की चपेट में आ गया. ट्रक की चपेट में आने से उसकी मौके पर ही मौत हो गयी. घायल चालक को सदर अस्पताल भेजा गया घटना के बाद ग्रामीणों ने ट्रक चालक को पकड़ लिया और उसकी पिटाई कर दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया. काफी समझाने के बाद करीब ढाई बजे घायल चालक को इलाज के लिए सदर अस्पताल, जमशेदपुर भेजा गया. वहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे एमजीएम अस्पताल रेफर कर दिया गया.
इधर, पुलिस और प्रशासन की मौजूदगी में ग्रामीणों को समझाने का प्रयास जारी रहा. लेकिन ग्रामीण मृतक के परिजनों को उचित मुआवजा मिलने तक सड़क से हटने को तैयार नहीं थे. 2.50 लाख रुपये मुआवजा मिलने के बाद हटा जाम शाम करीब छह बजे मृतक के परिजनों को 2.50 लाख रुपये मुआवजा दिया गया. बताया गया कि मुआवजा राशि शाह कंपनी की ओर से दी गयी है. इसके अलावा पीड़ित परिवार को अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया गया. मुआवजा मिलने के बाद ग्रामीणों ने सड़क जाम समाप्त किया और पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू की. इसके बाद हाता-टाटा मुख्य मार्ग पर आवागमन सामान्य हुआ. जमे रहे प्रशासनिक पदाधिकारी घटना के पश्चात जाम हटाने और विधि व्यवस्था बनाये रखने के लिये पोटका की सीओ निकिता बाला, पुलिस निरीक्षक पीसी सिन्हा, पोटका थाना प्रभारी सन्नी टोप्पो, सुंदरनगर थाना प्रभारी अजीत मुंडा, अंचल निरीक्षक हेमंत कुमार दिन भर जमे रहे.
परिवार का इकलौता पुत्र था सुमन
सुमन मंडल राजनगर प्रखंड के उरूघुटू गांव निवासी प्रदीप मंडल का इकलौता पुत्र था. वह पिकअप वैन में खलासी का काम कर परिवार के भरण-पोषण करता था. उसकी मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम पसर गया. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया है. शाह कंपनी के गार्ड पर ग्रामीणों ने उठाये सवाल पावरू पहाड़ मोड़ चौक से शाह कंपनी की ओर भारी वाहनों का नियमित आवागमन होता है. स्थानीय लोगों के अनुसार वाहनों के सुरक्षित आवागमन के लिए कंपनी की ओर से चौक पर गार्ड की तैनाती की गयी है. ग्रामीणों का आरोप है कि भारी वाहनों के मुख्य सड़क पर आने-जाने के दौरान पर्याप्त निगरानी नहीं रखी जाती है, जिससे इस स्थान पर हमेशा दुर्घटना की आशंका बनी रहती है. ग्रामीणों के अनुसार घटना के बाद कंपनी का गार्ड मौके से फरार हो गया. स्थानीय लोगों ने चौक पर भारी वाहनों के परिचालन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त करने और दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने की मांग की है.
