रैपिडो की सवारी बनी मुसीबत, चालक की हरकत से बचने के लिए चलती स्कूटी से कूदी युवती

जमशेदपुर में रैपिडो से सफर के दौरान एक युवती के साथ परेशान करने वाली घटना हुई. चालक की अनुचित हरकतें से तंग आकर उसे जान बचाने के लिए चलती स्कूटी से कूदना पड़ा, जिससे वह घायल हो गई.

जमशेदपुर: शहर में आने-जाने के लिए अब लोग रैपिडो जैसी ऐप आधारित बाइक और स्कूटी सर्विस का भी इस्तेमाल कर रहे हैं. मोबाइल से कुछ ही मिनट में बाइक बुक हो जाती है और लोग आसानी से एक जगह से दूसरी जगह पहुंच जाते हैं. लेकिन जमशेदपुर में रैपिडो से सफर कर रही एक युवती के साथ ऐसी घटना हुई, जिसने महिला सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिये हैं. चालक की हरकत से परेशान युवती को अपनी जान और इज्जत बचाने के लिए चलती स्कूटी से कूदना पड़ा. इसमें वह घायल हो गयी.

मामला सीतारामडेरा थाना क्षेत्र के स्लैग रोड का है. युवती ने बुधवार को रैपिडो चालक दीपक कुमार झा के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज करायी. पुलिस ने मामला दर्ज करने के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है. दीपक कुमार झा गोलमुरी के दुइलाडूंगरी का रहने वाला है.

भालूबासा से साकची जाने के लिए बुक की थी रैपिडो

जानकारी के अनुसार युवती बर्मामाइंस की रहने वाली है. 26 अगस्त को उसने भालूबासा से साकची जाने के लिए मोबाइल ऐप के जरिये रैपिडो बुक की थी. रैपिडो में बाइक या स्कूटी के जरिये यात्री एक जगह से दूसरी जगह जा सकते हैं.

युवती स्कूटी पर बैठकर साकची के लिए निकली. आरोप है कि रास्ते में चालक उसके साथ अश्लील हरकत करने लगा. युवती ने इसका विरोध किया और मदद के लिए चिल्लाने लगी.

चालक ने नहीं रोकी स्कूटी

युवती के चिल्लाने के बाद भी चालक ने स्कूटी नहीं रोकी. आरोप है कि वह उसे स्लैग रोड की तरफ ले जाने लगा. युवती की आवाज सुनकर आसपास के लोगों ने स्कूटी रोकने की कोशिश की, लेकिन चालक नहीं रुका.

जान बचाने के लिए चलती स्कूटी से कूदी

जब युवती को लगा कि स्थिति और खराब हो सकती है, तो उसने अपनी जान और इज्जत बचाने के लिए चलती स्कूटी से छलांग लगा दी. स्कूटी से गिरने के कारण वह घायल हो गयी.

इसके बाद युवती ने पुलिस से शिकायत की. शिकायत के आधार पर सीतारामडेरा पुलिस ने आरोपी चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया और उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया.

महिला सुरक्षा पर फिर उठे सवाल

इस घटना के बाद रैपिडो और दूसरी ऐप आधारित बाइक-टैक्सी सेवाओं में सफर करने वाली महिलाओं की सुरक्षा को लेकर सवाल उठ रहे हैं. महिलाएं अक्सर अकेले आने-जाने के लिए ऐसी सेवाओं का इस्तेमाल करती हैं. ऐसे में सफर के दौरान उनकी सुरक्षा सबसे जरूरी है.

यह घटना यह भी दिखाती है कि ऐप से बुक होने वाली गाड़ी में सफर करते समय किसी तरह की परेशानी होने पर यात्री को तुरंत मदद मिलना कितना जरूरी है.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By भूमि शर्मा

भूमि शर्मा पिछले दो वर्षों से डिजिटल मीडिया में सक्रिय हैं और वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल के साथ बतौर कंटेंट राइटर जुड़ी हुई हैं. वर्तमान में वह मुख्य रूप से जमशेदपुर और उसके आसपास के क्षेत्रों की खबरों को कवर करती हैं. इससे पहले वह एजुकेशन बीट और झारखंड बीट पर भी काम कर चुकी हैं, जहां उन्होंने शैक्षणिक बदलावों और राज्य से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर लेखन किया है.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >