टाटानगर रेल क्षेत्र में अतिक्रमण हटाने को लेकर बढ़ी हलचल
पांच और दुकानदार और 27 लीजधारियों को भी नोटिस
Jamshedpur News :
टाटानगर रेलवे स्टेशन के रीडेवलपमेंट को लेकर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई तेज हो गयी है. स्टेशन से कीताडीह रोड जाने वाले मार्ग पर स्थित करीब 37 दुकानों को हटाने का नोटिस मिलने के बाद प्रभावित दुकानदार चक्रधरपुर में डीआरएम से मिलने पहुंचे और राहत देने की मांग की. हालांकि डीआरएम ने उनसे मुलाकात नहीं की. इसके बाद दुकानदारों ने निचले स्तर के अधिकारियों के समक्ष अपनी बात रखी और वर्षों से वहां रहकर कारोबार करने की जानकारी दी, लेकिन रेलवे अधिकारियों ने किसी तरह की राहत से इनकार कर दिया. इधर, रेलवे के इंजीनियरिंग विभाग ने शुक्रवार को साउथ सेटलमेंट कॉलोनी में पांच दुकानों को नोटिस दिया. वहीं कीताडीह रोड क्षेत्र में 27 लीजधारी दुकानों को भी नोटिस थमाया गया है. इसके अलावा विभिन्न रेलवे कॉलोनियों की सड़कों पर अवैध रूप से बनी दुकानों के कारण सौ से अधिक लोगों को जमीन खाली करने का निर्देश दिया गया है. रेलवे की इस कार्रवाई से दुकानदारों में हड़कंप मचा हुआ है.डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
