जमशेदपुर : निखार सबलोक की हत्या के बाद गणेश सिंह गिरोह के एक अन्य सदस्य की हत्या करने की योजना बनाते दो अपराधी को सीतारामडेरा पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. गिरफ्तार होने वालों में प्रदीप सिंह और अभिनय यादव शामिल है. दोनों उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर जिले के रहने वाले हैं. दोनों के पास से पुलिस ने एक लोडेड देशी पिस्टल और दो जिंदा गोली बरामद किया है. निखार की हत्या के बाद अपराधी गणेश सिंह गिरोह के एक सदस्य की हत्या कराने के इरादे दोनों अपराधियों को अशोक कुमार सिंह उर्फ राघव और अभिमन्यू सिंह उर्फ सिंटू सिंह ने शहर बुलाया था.
दोनों से पूछताछ करने के बाद पुलिस ने दोनों को जेल भेज दिया. उक्त जानकारी एएसपी ऋषभ त्रिवेदी ने संवाददाता सम्मेलन कर दिये. गुरुवार को एसएसपी कार्यालय के सभागार में जानकारी देते हुए एएसपी ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि भुइयांडीह बस स्टैंड के पास दो अपराधकर्मी हथियार लेकर घूम रहे है. सूचना के बाद पुलिस ने टीम का गठन कर फौरन छापेमारी की. जहां पुलिस को देख कर दोनों बस स्टैंड के पास बने शौचालय के पीछे छिपने लगे. उसके बाद पुलिस ने घेराबंदी कर दोनों को मौके से ही गिरफ्तार कर लिया. छानबीन के दौरान पुलिस ने उनके पास से हथियार और जिंदा गोली बरामद किया.
गणेश सिंह गिरोह के सदस्य की हत्या करने की थी याोजना
पूछताछ के दौरान दोनों अपराधियों ने पुलिस को बताया कि उन दोनों को अशोक कुमार सिंह उर्फ राघव और अभिमन्यू सिंह उर्फ सिंटू सिंह ने शहर आने को कहा था. सिंटू सिंह तथा अशोक कुमार सिंह उर्फ राघव के कहने पर अपराधी गणेश सिंह गिरोह के एक सदस्य की हत्या करने आए थे.उन्हें सीतारामडेरा थाना क्षेत्र के कुम्हारपाड़ा स्थित अशोक कुमार के मकान में उलीडीह के रहने वाले सुनील रजक ने ठहराया था. हत्या करने के लिए पिस्टल और गोली भी सुनील रजक ने ही उपलब्ध कराया था. हालांकि टारगेट यानी हत्या किसकी करनी है, इसका नाम अभी उनलोगों को नहीं बताया गया था. दोनों अपराधी टारगेट का डिटेल्स और सुपारी की रकम तय होने का इंतजार भी कर रहे थे. इसी दौरान उन लोगों को पुलिस ने पकड़ लिया.
निखार की हत्या करने भी 19 अगस्त को आये थे दोनों
पूछताछ में उन दोनों ने पुलिस को बताया कि सिंटू सिंह और राघव के कहने पर गणेश सिंह गिरोह के सदस्य निखार सबलोक की हत्या करने के लिए भी 19 अगस्त को दोनों को जमशेदपुर बुलाया गया था. उस दौरान उनका एक साथी राहुल विश्वकर्मा भी उनके साथ आया था. लेकिन एडवांस में सुपारी का आधी रकम की मांग करने पर सिंटू सिंह से उन दोनों का विवाद हो गया और वे हत्या किए बगैर वापस उत्तर प्रदेश लौट गए थे. निखार सबलोक की हत्या के बाद सिंटू सिंह और अशोक कुमार उर्फ राघव ने उन दोनों से फिर से संपर्क किया और दोबारा जमशेदपुर बुलाया.शहर आने के बाद उन दोनों को बताया गया कि निखार के बाद गणेश सिंह गिरोह के एक अन्य साथी की हत्या करनी है. हत्या किसका, कैसे और कब करनी है, उसके बारे में फिलहाल दोनों को इंतजार करने को कहा गया था.
