टाइगर नाइट्स ने रचा इतिहास, लगातार तीसरी बार जीता जमशेदपुर गोल्फ लीग का खिताब

जमशेदपुर गोल्फ लीग के रोमांचक फाइनल में टाइगर नाइट्स ने ईगल आई को हराकर लगातार तीसरी बार खिताब अपने नाम किया और ऐतिहासिक हैट्रिक पूरी की.

कप्तान सौरभ अग्रवाल के नेतृत्व में टाइगर नाइट्स ने इतिहास रचते हुए जमशेदपुर गोल्फ लीग (JGL) सीजन-9 का खिताब अपने नाम कर लिया है. बेलडीह गोल्फ कोर्स में खेले गए बेहद रोमांचक फाइनल के सडन-डेथ प्लेऑफ में टाइगर नाइट्स ने रोहित सिंह की कप्तानी वाली ईगल आई को हराकर लगातार तीसरी बार चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया. इस जीत के साथ टीम ने लीग इतिहास की सबसे बड़ी उपलब्धियों में से एक, अपनी ऐतिहासिक हैट्रिक पूरी की. 36 होल के नियमित खेल की समाप्ति के बाद दोनों टीमें 20-20 अंकों की बराबरी पर थीं, जिसके बाद मुकाबला तीन होल के प्लेऑफ और फिर सडन-डेथ तक पहुंचा. पहले प्लेऑफ होल में मुकाबला बराबरी पर रहा. दूसरे होल में ईगल आई के अक्षय ने शानदार पार (नेट बर्डी) बनाकर मैच बराबर किया, जबकि तीसरे होल में दबाव के बीच टाइगर नाइट्स के निखिल अडेसरा और हर्ष कुमार पांडे ने बेहतरीन खेल दिखाकर मुकाबले को सडन-डेथ में खींच लिया. निर्णायक सडन-डेथ होल पर निखिल की टी-शॉट पानी में जाने के बाद हर्ष कुमार पांडे ने कमाल का संयम दिखाया और शानदार पार (नेट बर्डी) लगाकर टाइगर नाइट्स को एक यादगार जीत दिला दी. ईगल आई की टीम ने भी फाइनल में अंतिम शॉट तक कड़ा मुकाबला किया.

ऑडी रांची का रहा विशेष सहयोग

टाइगर नाइट्स ने अपनी इस ऐतिहासिक यात्रा में निरंतर सहयोग और विश्वास बनाए रखने के लिए अपने शीर्ष प्रायोजक ऑडी रांची और उसके स्वामी अमन पटनायक का आभार जताया.

आयोजन समिति को धन्यवाद

लगभग तीन माह तक चले इस सफल टूर्नामेंट के भव्य आयोजन के लिए गोल्फ कैप्टन डी. बी. सुंदरा रामम, गोल्फ सेक्रेटरी नीरज सिन्हा और मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) एलन सिंह के प्रति खिलाड़ियों ने आभार व्यक्त किया.


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Sanjeev bhardwaj

Published by: Bhumi Sharma

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >