टिनप्लेट प्रोजेक्ट साइट पर हादसा, मशीन के बूम और स्टैंड के बीच दबा कर्मी, मौत, परिवार ने रखीं ये 3 बड़ी मांगें

जमशेदपुर में टाटा स्टील के टिनप्लेट डिवीजन में दर्दनाक हादसा हुआ. एक 26 वर्षीय ठेका कर्मी की कार्यस्थल पर मौत हो गई. इस घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं.

जमशेदपुर : टाटा स्टील के टिनप्लेट डिवीजन के प्रोजेक्ट साइट पर शुक्रवार को मेंटेनेंस कार्य के दौरान हुए हादसे में 26 वर्षीय ठेका कर्मी करण कुमार सिंह की मौत हो गयी. करण मोबाइल एलिवेटेड वर्क प्लेटफॉर्म पर काम कर रहा था. इसी दौरान उपकरण का बूम नीचे करने के क्रम में वह बूम और स्टैंड के बीच दब गया. हादसा इतना गंभीर था कि मौके पर मौजूद कर्मियों में अफरातफरी मच गयी. करण को आनन-फानन में अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. करण भालूबासा का रहने वाला था और वेंडर कंपनी मेसर्स पूरणमल में कार्यरत था.

26 साल की उम्र में छूटा जिंदगी का साथ

करण अविवाहित था. महज 26 वर्ष की उम्र में हुए इस हादसे ने उसके परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है. बेटे की मौत की खबर मिलते ही परिजन बिहार से जमशेदपुर के लिए रवाना हो गये. परिवार में कमाने वाले बेटे के अचानक चले जाने से माता-पिता और भाई-बहनों के सामने भविष्य की चिंता भी खड़ी हो गयी है.

टाटा स्टील ने शुरू करायी उच्चस्तरीय जांच

हादसे पर टाटा स्टील प्रबंधन ने दुख जताते हुए शोकाकुल परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की है. प्रबंधन ने कहा - कार्यस्थल पर सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है. दुर्घटना के तकनीकी कारणों का पता लगाने के लिए उच्चस्तरीय जांच करायी जा रही है.

दुर्घटना के बाद मृतक के परिजन, टाटा स्टील प्रबंधन और वेंडर के बीच वार्ता.

10 लाख मुआवजा और एक सदस्य को नौकरी की मांग

हादसे के बाद मृतक के परिजनों, टाटा स्टील प्रबंधन और वेंडर के बीच मुआवजे व अन्य सहायता को लेकर बातचीत हुई. बातचीत में पीड़ित परिवार को 10 लाख रुपये मुआवजा, आश्रित को 60 वर्ष की उम्र तक 25 से 35 हजार रुपये मासिक पेंशन तथा परिवार के एक सदस्य को नौकरी देने की बात सामने आयी है. परिजनों के अनुसार, वेंडर कंपनी ने इन मांगों पर अपनी सहमति दे दी है. हालांकि, परिवार अब टाटा स्टील प्रबंधन की ओर से औपचारिक लिखित पत्र मिलने का इंतजार कर रहा है.

हादसे ने फिर खड़े किये सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल

मेंटेनेंस जैसे तकनीकी कार्य के दौरान हुई इस दुर्घटना ने एक बार फिर कार्यस्थल पर सुरक्षा मानकों और मशीन संचालन की निगरानी को लेकर सवाल खड़े कर दिये हैं. अब जांच रिपोर्ट से यह स्पष्ट होगा कि हादसा किस तकनीकी या मानवीय चूक के कारण हुआ और इसके लिए जिम्मेदारी किसकी तय होती है.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By अशोक झा

अशोक कुमार झा प्रभात खबर जमशेदपुर में वरीय संवाददाता के पद पर कार्यरत हैं. हिंदी पत्रकारिता के क्षेत्र में इनके पास 20 वर्षों से अधिक का एक लंबा, समृद्ध और विविधतापूर्ण अनुभव है.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >