वरीय संवाददाता, जमशेदपुर
रथयात्रा के मौके पर टाटा पावर ने ओडिशा में एक अनोखी शुरुआत की है. कंपनी ने राज्य का पहला सोलर रथ रवाना किया है. यह एक चलता-फिरता जागरूकता रथ है. जो सीधे लोगों के घर-घर जाकर सोलर एनर्जी (सौर ऊर्जा) का संदेश देगा. कंपनी के सीइओ श्री गजानन एस. काले ने बताया कि जैसे रथ यात्रा के जरिये भगवान का आशीर्वाद जनता तक पहुंचता है, वैसे ही इस सोलर रथ के जरिये हम स्वच्छ ऊर्जा और मुफ्त बिजली का संदेश हर घर तक पहुंचा रहे हैं. ताकि लोग अपनी छत पर सोलर पैनल लगाकर खुद बिजली बना सकें.
यह पहल टाटा पावर और ओडिशा सरकार की मिली-जुली कंपनी टीपी सेंट्रल ओडिशा डिस्ट्रीब्यूशन लिमिटेड ने मिलकर शुरू की है. ओडिशा इस योजना में देश भर में सबसे आगे चल रहा है. टाटा पावर की बिजली कंपनियों की मदद से राज्य में अब तक 1.5 लाख से ज्यादा घरों की छतों पर सोलर पैनल लगाये जा चुके हैं. कई जिलों में तो 10-10 हजार से ज्यादा घरों में सोलर पैनल लग चुके हैं और कई गांव पूरी तरह सोलर विलेज बनने की ओर बढ़ रहे हैं. अब इसी सिलसिले को आगे बढ़ाने के लिए यह सोलर रथ पुरी और ढेंकनाल के गांवों और बाजारों में घूमेगा.
