परिजनों ने जतायी हत्या की आशंका, पुलिस से जांच की मांग
Jamshedpur News :
सोनारी खूंटाडीह शिव मंदिर के पास रहने वाले मंटी नाग (32 वर्ष) का शव चार दिनों बाद गुरुवार को घर से कुछ दूर आरएमएस स्कूल के पास स्थित एक कुएं में मिला. स्थानीय लोगों की नजर कुएं में पानी के ऊपर एक शव पर पड़ी. सूचना मिलने पर सोनारी थाना की पुलिस पहुंची. पुलिस ने लोगों की मदद से शव बाहर निकाला. शव मिलने की सूचना पर मंटी नाग के घरवाले भी पहुंचे. घरवालों ने शव के कपड़ों से उसकी पहचान की. मंटी नाग के भाई बंटी नाग ने बताया कि गत 28 दिसंबर की रात मंटी 10:30 बजे पार्टी मनाकर लौटा था. परिवार के लोग जब सोने चले गये, तो मंटी फिर घर से निकल गया और फिर उसके बाद वापस नहीं लौटा. हमलोगों ने अपने स्तर से काफी तलाश की, लेकिन उसका पता नहीं चला.पुलिस पर तलाश में सहयोग नहीं करने का आरोप
बंटी नाग ने बताया कि मंटी के नहीं मिलने पर 29 दिसंबर को सोनारी थाना में लिखित शिकायत की. लेकिन पुलिस ने भाई की तलाश में कोई मदद नहीं की. ना ही घर के आसपास का सीसीटीवी फुटेज खंगाला. चार दिनों बाद भाई का शव कुआं में मिला है. बंटी नाग के अनुसार संभवत: भाई की हत्या कर शव को कुआं में फेंक दिया गया है. भाई के चेहरे पर चोट के निशान हैं. तीन भाई-बहन में मंटी सबसे छोटा था. फिलहाल वह कोई काम नहीं करता था औरह अविवाहित था. पुलिस इसकी जांच कर दोषी के खिलाफ कार्रवाई करे. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिये भेज दिया है. इस संबंध में मृतक के पिता दुर्गा नाग ने सोनारी थाना में लिखित शिकायत की है. पुलिस के अनुसार पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों का पता चल सकेगा.डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
