आसमान से अचानक गिरी ये रहस्यमयी चीज, मचा कौतूहल, पुलिस ने बताई चौंकाने वाली बात...

झारखंड के बहरागोड़ा में पैराशूट से एक वैज्ञानिक उपकरण गिरने से हड़कंप मच गया. पुलिस ने इसे जब्त कर लिया है, जल्द ही वैज्ञानिक इसे लेने पहुंचेंगे.

बहरागोड़ा : सोमवार को बहरागोड़ा प्रखंड के पाथरा गांव के समीप उस वक्त लोगों की उत्सुकता बढ़ गयी, जब आसमान से पैराशूट के सहारे एक अज्ञात व रहस्यमयी उपकरण जमीन पर आ गिरा. अचानक हवा में तैरती हुई वस्तु को नीचे आते देख ग्रामीणों में कौतूहल मच गया. कुछ ही देर में मौके पर लोगों की भीड़ जुट गयी. हर कोई यह जानने को उत्सुक नजर आया कि आखिर आसमान से गिरा यह उपकरण है क्या.

सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस

मामले की सूचना मिलते ही बरसोल पुलिस मौके पर पहुंची. उपकरण को अपने कब्जे में लेकर थाने ले गयी. पुलिस द्वारा की गयी प्रारंभिक पड़ताल में सामने आया कि यह कोई संदिग्ध वस्तु नहीं, बल्कि वैज्ञानिक अनुसंधान से जुड़ा उपकरण बताया जा रहा है. पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जानकारी में यह उपकरण पश्चिम बंगाल के मेदिनीपुर स्थित विद्यासागर विश्वविद्यालय से अनुसंधान के उद्देश्य से उड़ाया गया था. उपकरण पर एक संपर्क नंबर दर्ज था.

वैज्ञानिक उपकरण को लोगों से दूर रखने की अपील

पुलिस ने इसी नंबर के माध्यम से संबंधित संस्था के पदाधिकारियों से संपर्क किया. संपर्क होने के बाद पूरे मामले की तस्वीर धीरे-धीरे साफ हुई. संस्था के अधिकारियों ने पुलिस को उपकरण के वैज्ञानिक अनुसंधान से संबंधित होने की जानकारी दी. संस्था के अधिकारियों ने पुलिस को बताया - वैज्ञानिकों की टीम अगले दो-तीन दिनों के भीतर बरसोल पहुंचेगी. टीम उपकरण को अपने साथ ले जाएगी. फिलहाल पुलिस ने उपकरण को सुरक्षित अपने कब्जे में रखा है. संस्था की ओर से भी पुलिस से अनुरोध किया गया है कि उपकरण को सुरक्षित रखा जाए और इसे आम लोगों से दूर रखा जाए.

आखिर पैराशूट से क्यों गिराया गया उपकरण?

पैराशूट के जरिए आसमान से उतरे इस उपकरण को लेकर गांव में दिनभर तरह-तरह की चर्चाएं होती रहीं. हालांकि, पुलिस की प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक इसके पीछे वैज्ञानिक अनुसंधान का उद्देश्य है. उपकरण किस तरह के शोध के लिए इस्तेमाल किया जा रहा था और इसे किस स्थान से उड़ाया गया था, इसकी विस्तृत जानकारी वैज्ञानिकों की टीम के पहुंचने के बाद ही सामने आने की उम्मीद है. फिलहाल पाथरा गांव में आसमान से पैराशूट के सहारे उतरी इस रहस्यमयी वस्तु की चर्चा लोगों के बीच बनी हुई है.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat khabar news desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >