अस्पतालों में गरीबों को सीएसआर का लाभ दिलाने की मांग की
टीएमएच में आयुष्मान कार्ड नहीं मानने का आरोप
जरूरतमंदों को समान स्वास्थ्य सुविधा देने की मांग
Jamshedpur News :
शहर के समाजसेवी जवाहरलाल शर्मा ने सांसद, विधायक और अन्य जनप्रतिनिधियों से अपील की है कि वे शहर के बड़े अस्पतालों में लीज समझौते और सीएसआर प्रावधानों को प्रभावी ढंग से लागू कर आम लोगों को राहत दिलायें. जारी प्रेस विज्ञप्ति में उन्होंने हाल में बिष्टुपुर की एक गरीब चाय दुकानदार युवती के इलाज का मामला उठाया, जिसमें टीएमएच में इलाज के दौरान भारी बिल आने के बाद कुछ राजनीतिक हस्तियों द्वारा बिल माफ कराने का श्रेय लेने की होड़ मच गयी थी. शर्मा ने कहा कि इस तरह की सहायता वास्तव में कंपनियों द्वारा कानूनन सीएसआर मद में की जाती है, न कि किसी व्यक्ति विशेष के दान से. उन्होंने कहा कि कंपनियों को अपने शुद्ध मुनाफे का दो प्रतिशत सीएसआर के तहत खर्च करना अनिवार्य है. इसके बावजूद जरूरतमंद मरीजों को पर्याप्त लाभ नहीं मिल पाता. उन्होंने टाटा मोटर्स अस्पताल और टिनप्लेट अस्पताल का भी उल्लेख करते हुए कहा कि वहां भी गरीबों को अपेक्षित राहत नहीं मिल रही है.शर्मा ने आरोप लगाया कि टीएमएच में आयुष्मान कार्ड तक स्वीकार नहीं किया जाता. उन्होंने जनप्रतिनिधियों से लीज समझौते और सामाजिक दायित्वों की जांच कर जनता को समान स्वास्थ्य सुविधा दिलाने की मांग की.
