Jamshedpur News : चाेरी के संदेह में मानगो के बीमार युवक को पूछताछ के लिए थाना ले गयी पुलिस, अस्पताल में मौत

Jamshedpur News : मानगो के गोकुलनगर निवासी अजीत महतो (22 वर्ष) की बुधवार को एमजीएम अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गयी.

– घटना से आक्रोशित परिजनों ने पुलिस पर बेवजह प्रताड़ित करने का लगाया आरोप

– पत्नी ने कहा- पति बीमार थे, रविवार रात में मना करने पर भी पुलिस जबरन अपने साथ ले गयी

– ग्रामीण एसपी बोले- मामले की जांच करायी जायेगी, पोस्टमार्टम के बाद मौत के कारणों का पता चलेगा

Jamshedpur News :

मानगो के गोकुलनगर निवासी अजीत महतो (22 वर्ष) की बुधवार को एमजीएम अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गयी. चोरी के एक मामले में संदेह के आधार पर पूछताछ के लिए एमजीएम थाना पुलिस रविवार देर रात करीब एक बजे उसे घर से अपने साथ ले गयी थी. थाना में पूछताछ की गयी. तबीयत बिगड़ने पर पुलिस ने उसे सोमवार काे अस्पताल में भर्ती कराया था. अजीत की मौत की जानकारी मिलने पर पुलिस अस्पताल पहुंची. शव को एमजीएम अस्पताल के शीतगृह में रखवा दिया गया है. इधर, अजीत की मौत के बाद आक्रोशित परिजनों ने पुलिस पर बेवजह प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है. उनका कहना है कि अजीत पहले से ही बीमार था. अजीत की पत्नी प्यारी महतो ने दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है.

पत्नी बोली- 24 घंटे में ही खुशियां मातम में बदलीं

अजीत महतो की मौत के बाद पत्नी प्यारी महतो का रो-रोकर बुरा हाल है. उसने मंगलवार को ही एक बच्ची को जन्म दिया. प्यारी महतो ने बताया कि 24 घंटे के अंदर खुशियां मातम में बदल गयी हैं. एक युवक ने पति अजीत महतो को 500 रुपये में मोबाइल फोन दिया था. रविवार की देर रात करीब एक बजे एमजीएम थाना पुलिस घर आयी और पति को जबरन अपने साथ ले गयी. पति पहले से ही बीमार थे. ऐसे में उन्हें ले जाने से मना भी किया गया, लेकिन पुलिस नहीं मानी. तबीयत बिगड़ने पर पुलिस ने सोमवार को एमजीएम अस्पताल में पति को भर्ती कराया. इसके बाद पुलिस घर आयी और सुसर को ही डांटते हुए अस्पताल में बेटे के पास जाने की बात कही. इधर, मेरी भी तबीयत खराब होने पर मुझे भी अस्पताल में भर्ती किया गया. जहां मैंने मंगलवार को एक बच्ची को जन्म दिया.

पुलिस बोली- पूर्व से ही बीमार था युवक

एमजीएम थाना पुलिस के अनुसार, चोरी के एक मामले में संदेह के आधार पर अजीत महतो को पूछताछ के लिए थाना लाया गया था. तबीयत खराब होने पर उसे अस्पताल में भर्ती करा दिया गया और घरवालों को भी जानकारी दे दी गयी थी. वह पूर्व से बीमार था और खाना भी नहीं खा रहा था.

जॉन्डिस से पीड़ित था अजीत

एमजीएम अस्पताल से मिली जानकारी के अनुसार, अजीत महतो जॉन्डिस (पीलिया) से पीड़ित था. तबीयत बिगड़ने पर उसे मेडिकल वार्ड में भर्ती कराया गया था, जहां इलाज के दौरान बुधवार शाम में निधन हो गया. इधर, पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा.

—————————————————————

कोट…

अजीत महतो को पूछताछ के लिए थाना ले जाया गया था. वह पूर्व से बीमार था. इस कारण पुलिस ने उसे अस्पताल में भर्ती कराया था. शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद ही मौत के कारणों की जानकारी हो सकेगी. पूरे मामले की जांच करायी जायेगी.

– ऋषभ गर्ग, ग्रामीण एसपी, जमशेदपुरB

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By RAJESH SINGH

RAJESH SINGH is a contributor at Prabhat Khabar.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >