जमशेदपुर : चांडिल थानांतर्गत टेंथ माइल स्टोन होटल में कारोबारी कदमा निवासी निखार सबलोक हत्याकांड के मामले में पुलिस कार्रवाई का नया अपडेट सामने आया है. सोमवार को सरायकेला और जमशेदपुर पुलिस की टीम ने संयुक्त रूप से हत्याकांड के मुख्य साजिशकर्ता अशोक सिंह उर्फ राघव के सोनारी स्थित एक डिजिटल मीडिया के कार्यालय और उसके आवास पर छापामारी की. सोमवार की दोपहर करीब एक बजे चांडिल, सोनारी और बिष्टुपुर थाना की पुलिस क्यूआरटी के साथ अशोक सिंह राघव द्वारा संचालित उसके डिजिटल मीडिया कार्यालय पहुंचे.
कार्यालय में मौजूद लोगों के बीच मच गई अफरा-तफरी
कार्यालय पर पहुंचने के साथ ही वहां मौजूद लोगों के बीच अफरा-तफरी मच गई. कार्यालय पहुंचने के बाद पुलिस ने अशोक सिंह राघव की पत्नी को कार्यालय बुलाया. पत्नी के कार्यालय आने के बाद पुलिस पदाधिकारियों ने डिजिटल मीडिया के कार्यालय में प्रवेश कर छापेमारी शुरू की. इस दौरान पुलिस ने कार्यालय में मौजूद कई दस्तावेजों की छानबीन की. कार्यालय में रखे कंप्यूटर समेत कई फाइलों की जांच की गई.
अशोक सिंह राघव के घर भी पहुंची पुलिस
वहीं, दूसरी ओर डिजिटल मीडिया के कार्यालय में छापेमारी करने के बाद पुलिस टीम अशोक सिंह राघव के घर पर छापेमारी करने पहुंची. सरदार अखाड़ा के पास स्थित तीन मंजिला मकान में भी पुलिस टीम ने छापेमारी की. इस दौरान पुलिस कमरे में रखे कई महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाने में लगी रही. पुलिस ने घर से कुछ दस्तावेजों को जब्त भी किया है. हालांकि पुलिस ने जब्त समान या फाइलों के बारे में जानकारी देने से साफ इंकार कर दिया है.
डिजिटल मीडिया के कर्मचारियों का निकाला डेटा
डिजिटल मीडिया कार्यालय में काम करने वाले कर्मचारियों का पूरा विवरण भी पुलिस ने लिया है. पुलिस टीम ने वहां काम करने वाले सभी महिला-पुरुष कर्मचारियों का फोन नंबर समेत पूरा डेटा प्राप्त किया है. छापेमारी के दौरान कार्यालय में मौजूद कुछ कर्मचारियों से पुलिस ने पूछताछ भी की. इस दौरान पुलिस ने कर्मचारियों का वेतन और कार्यशैली के बारे में भी जानकारी ली है.
क्या है मामला
26 अगस्त को चांडिल के टेंथ माइल स्टोन में होटल कारोबारी निखार सबलोक की गोली मार कर हत्या कर दी गयी थी. इस हत्याकांड का मास्टर माइंड और साजिशकर्ता अशोक सिंह राघव था. पुलिस ने जांच के दौरान अशोक सिंह राघव समेत आठ लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था. राघव ने ही हत्या करने की नियत से यूपी से शूटर को 15 लाख रुपये की सुपाड़ी देकर मंगवाया था. इसके बाद निखार की हत्या कराई गई. अशोक सिंह राघव ही डिजिटल मीडिया का संचालन करता था.
तथ्य जब्त किया गया है, इसे बताया नहीं जा सकता : थाना प्रभारी
बिष्टुपुर के थाना प्रभारी निरंजन कुमार ने बतताया - निखार सबलोक हत्याकांड के मामले में अनुसंधान जारी है. इस मामले में कई तथ्य अब भी जुटाने है. इस उद्देश्य से कोर्ट से अशोक सिंह राघव द्वारा संचालित डिजिटल मीडिया के कार्यालय और उसके आवास का सर्च वारंट की मांग की गई थी. कोर्ट से सर्च वारंट की अनुमति मिलने के बाद दोनों जगहों पर जमशेदपुर और चांडिल पुलिस ने संयुक्त रूप से सर्च किया. इस दौरान कुछ तथ्य जब्त किया गया है. जो अनुसंधान का भाग है. जिसे बताया नहीं जा सकता. पुलिस अनुसंधान के तहत कार्रवाई कर रही है.
