बहरागोड़ा: उत्क्रमित उच्च विद्यालय झांझिया में शुक्रवार को बरसोल थाना पुलिस द्वारा छात्र-छात्राओं के लिए पोक्सो एक्ट , बाल सुरक्षा, सड़क सुरक्षा एवं नशामुक्ति विषय पर एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया. कार्यक्रम में बरसोल थाना के सब-इंस्पेक्टर सिकंदर यादव, महिला चौकीदार स्मृति रानी दास, अंजना पाल एवं वंदना मुंडा ने विद्यार्थियों को विभिन्न कानूनी प्रावधानों एवं उनके अधिकारों की विस्तृत जानकारी दी.
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सिकंदर यादव ने पोक्सो एक्ट के उद्देश्य एवं महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि बच्चों के साथ किसी भी प्रकार की छेड़छाड़, उत्पीड़न, शोषण अथवा अन्य अप्रिय घटना होने पर उसे कभी भी छिपाना नहीं चाहिए.
ऐसी स्थिति में विद्यार्थी तत्काल अपने माता-पिता, विद्यालय के प्रधानाध्यापक अथवा किसी विश्वसनीय शिक्षक को इसकी जानकारी दें. आवश्यकता पड़ने पर बिना किसी भय के संबंधित थाना में सूचना देने के लिए भी बच्चों को प्रेरित किया गया.
