जमशेदपुर : झारखंड राज्य नोनिया समाज के प्रदेश अध्यक्ष बबुआ जी महतो ने नोनिया समाज के कार्यालय की चाबी वापस दिलाने और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है. इस संबंध में उन्होंने उपायुक्त (डीसी) और अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीओ) को ज्ञापन सौंपा है. ज्ञापन में कार्यालय की चाबी वापस दिलाने के साथ मामले में अविलंब कार्रवाई की मांग की गयी है. ज्ञापन के अनुसार बिष्टुपुर स्थित रामदास भट्ठा क्षेत्र के वार्ड संख्या 3, खाता संख्या 85 और प्लॉट संख्या 3139 में नोनिया समाज का कार्यालय लंबे समय से संचालित है. पहले यहां कच्चा भवन था. वर्ष 2005 में इसका पक्का निर्माण कराया गया. इसके बाद वर्ष 2008 और 2017 में सांसद विद्युत वरण महतो और विधायक सरयू राय की विधायक निधि से दो मंजिला कार्यालय भवन का निर्माण कराया गया. भवन का उद्घाटन 16 सितंबर 2017 को किया गया था.
चाबी लेने और ताला लगाने का आरोप
प्रदेश अध्यक्ष बबुआ जी महतो ने आरोप लगाया कि अक्तूबर 2023 में जेएनएसी की ओर से कार्यालय भवन के निचले तल पर ‘मुहल्ला क्लीनिक’ स्थापित किया गया. इसी दौरान कुछ लोगों ने ऊपर के तल पर स्थित नोनिया समाज के कार्यालय की चाबी ले ली और वहां ताला लगा दिया. उनका कहना है कि इसके बाद से समाज के पदाधिकारी कार्यालय का नियमित इस्तेमाल नहीं कर पा रहे हैं.
बिजली बिल का भुगतान समाज के नाम से
ज्ञापन में कहा गया है कि कार्यालय परिसर का बिजली कनेक्शन नोनिया समाज के नाम पर है और नियमित रूप से बिजली बिल का भुगतान भी किया जा रहा है. वर्तमान में नीचे संचालित क्लीनिक में भी इसी बिजली कनेक्शन का इस्तेमाल होने की बात कही गयी है. वहीं, मुख्य कार्यालय की चाबी नहीं मिलने के कारण समाज की नियमित बैठकें और सामाजिक गतिविधियां प्रभावित हो रही हैं.
पहले भी दिया गया था आवेदन
बबुआ जी महतो ने बताया कि इस मामले में पहले भी वरीय पुलिस अधीक्षक और अनुमंडल पदाधिकारी को आवेदन दिया गया था. इसके बाद जेएनएसी को मामले की जांच कर रिपोर्ट सौंपने का निर्देश दिया गया था. समाज का आरोप है कि अब तक जेएनएसी की ओर से जांच रिपोर्ट नहीं सौंपी गयी है. उन्होंने उपायुक्त से मामले की अविलंब जांच कराने और कार्यालय की चाबी वैध समिति को वापस दिलाने की मांग की है, ताकि नोनिया समाज की बैठकें और सामाजिक कार्य दोबारा सुचारू रूप से संचालित हो सकें. इस मामले में नगर आयुक्त से पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि उन्हें फिलहाल इसकी जानकारी नहीं है. मामले की जानकारी लेने के बाद ही इस संबंध में कुछ बता पायेंगे.
