– स्थानीय उद्योगों के लिए रक्षा क्षेत्र में नये अवसर खोलेगा एमएसएमइ डिफेंस कॉन्क्लेव
-सेना से जुड़े हैं देश के 17 हजार एमएसएमइ, कोल्हान का कोई भी नहीं
Jamshedpur News :
आदित्यपुर ऑटो क्लस्टर में एमएसएमइ डिफेंस कॉन्क्लेव-2026 का आयोजन 16 एवं 17 जनवरी को किया जायेगा. आत्मनिर्भर भारत अभियान को सशक्त बनाने एवं स्थानीय एमएसएमइ उद्योगों को रक्षा क्षेत्र से जोड़ने के उद्देश्य से आयोजित इस कॉन्क्लेव का उद्घाटन रक्षा राज्यमंत्री संजय सेठ करेंगे, जबकि रिटायर्ड एयर चीफ मार्शल अरूप राहा एवं रक्षा विभाग के अन्य वरिष्ठ अधिकारी विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे. बिष्टुपुर चेंबर भवन में शनिवार को आयोजित संवाददाता सम्मेलन में सिंहभूम चेंबर के अध्यक्ष मानव केडिया ने बताया कि पिछले 10-11 साल से निजी क्षेत्र की कंपनियां भी सेना के लिए सामग्री निर्माण कार्य से जुड़ी हैं, जिसका परिणाम है कि पहले जहां भारत सैन्य उपकरण आयात करने पर भरोसा रखता था, अब 70 प्रतिशत तक निर्यात करने की ताकत रखता है. भारतीय फौज को जूता, मोजा, जैकेट से लेकर इंजीनियरिंग से जुड़े काफी आइटम की जरूरत है, जिसे जमशेदपुर का औद्योगिक क्षेत्र अवश्य पूरा कर सकता है. कॉन्क्लेव का आयोजन सिंहभूम चेंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री, आदित्यपुर स्मॉल इंडस्ट्रीज एसोसिएशन (एसिया) एवं भारत चेंबर ऑफ कॉमर्स (नोडल एजेंसी) के संयुक्त तत्वावधान में किया जा रहा है. जिसमें लघु उद्योग भारती, बीइएमएल सहित अन्य व्यावसायिक संस्थाएं सहयोगी की भूमिका निभा रही हैं. मौके पर चेंबर उपाध्यक्ष हर्ष बाकरेवाल, अधिवक्ता राजीव अग्रवाल, सचिव अंशुल रिंगसिया, एसिया के पदाधिकारी राजीव श्रीवास्तव, राजकुमार संघी, संतोख सिंह सहित कई उद्यमी एवं व्यवसायी उपस्थित थे.एसिया के अध्यक्ष इंदर अग्रवाल ने कहा कि कॉन्क्लेव का मुख्य उद्देश्य आदित्यपुर औद्योगिक क्षेत्र के एमएसएमइ उद्योगों को रक्षा क्षेत्र में कार्य के अवसर उपलब्ध कराना है. इस कॉन्क्लेव के माध्यम से स्थानीय उद्यमियों को यह स्पष्ट जानकारी मिलेगी कि रक्षा क्षेत्र में किस प्रकार के उत्पादों का निर्माण किया जा सकता है.भारत चेंबर ऑफ कॉमर्स की महासचिव केका शर्मा ने बताया कि रक्षा मंत्रालय पिछले कई वर्षों से एमएसएमइ उद्योगों को प्रोत्साहित करने के लिए निजी क्षेत्रों को जोड़ रहा है. पश्चिम बंगाल, राजस्थान, ओडिशा, बिहार एवं छत्तीसगढ़ जैसे राज्यों में इस प्रकार के आयोजन किये जा चुके हैं और अब जमशेदपुर की औद्योगिक क्षमता को देखते हुए यहां यह कॉन्क्लेव आयोजित किया जा रहा है. कॉन्क्लेव में एयरफोर्स, नेवी एवं आर्मी से जुड़े अनुभवी विशेषज्ञ उपस्थित रहेंगे, जो उद्यमियों को रक्षा क्षेत्र में संभावनाओं से अवगत करायेंगे.भारत चेंबर ऑफ कॉमर्स के सचिव अविक राय ने कहा कि पूरे झारखंड में पहली बार इस स्तर का स्टेट लेवल डिफेंस कॉन्क्लेव जमशेदपुर में आयोजित किया जा रहा है, जो राज्य के एमएसएमइ उद्यमियों के लिए एक महत्वपूर्ण अवसर है.एसिया के महासचिव प्रवीण गुटगुटिया ने बताया कि आदित्यपुर औद्योगिक क्षेत्र में अब तक ऑटोमोबाइल सेक्टर के लिए वर्ल्ड क्लास उत्पादन होता रहा है और यह कॉन्क्लेव रक्षा क्षेत्र में भी नये अवसर सृजित करेगा.
सिंहभूम चेंबर के महासचिव पुनीत कांवटिया ने बताया कि कॉन्क्लेव के प्रमुख आकर्षण प्रदर्शनी होगी, जिसमें स्थानीय एवं राष्ट्रीय स्तर के एमएसएमइ अपने उत्पाद एवं नवाचार प्रदर्शित करेंगे.अधिक जानकारी और स्टॉल बुकिंग के लिए संपर्क करें
प्रवीण गुटगुटिया, महासचिव, एसिया – 9334013344राजकुमार संगी, कोषाध्यक्ष, एसिया – 8789040693अशोक गुप्ता, सचिव, एसिया – 9204813885
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
